मध्यप्रदेश के कान्हा टाइगर रिजर्व में बाघों के बॉडी पार्ट्स की तस्करी करने वाले एक गिरोह को पकड़ा गया। उनको पकड़ने के लिए कान्हा के सुप्रीटेंडेंट ने बिल्कुल बॉलीवुड फिल्म की किसी कहानी की तरह प्लान बनाया था।
खबरों के मुताबिक, तस्करों को बाघ के बॉडी पार्ट्स बेचने के लिए ग्राहक की तलाश थी। तस्कर चाहते थे कि उनको जादू-टोना करने वाले कोई तांत्रिक या पंडा मिल जाए क्योंकि वे लोग बाघ के बॉडी पार्ट्स को अपने इस्तेमाल में लाते हैं।
सुप्रीटेंडेंट सुधीर मिश्रा ने खुद को पंडा बताकर उन लोगों से मीटिंग फिक्स की। फिर जब तस्कर मिलने आए तो सुधीर ने उनको धर दबोचा। पांचों को कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
तस्करों के पास से बाघ के चार नाखून, एक दांत और दो बाइक मिली हैं जिनका इस्तेमाल उन लोगों द्वारा किया जाता था। सबको जब्त कर लिया गया है। जिन तस्करों को पकड़ा गया वे पाचों के पांचों छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं।
मध्यप्रदेश में पिछले साल तीस बाघों की मौत हुई थी। उसके बाद दिसंबर में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की एक बड़े रैकेट का भांड़ाफोड़ किया था। उसमें 39 लोग पकड़े गए थे जिन्होंने मिलकर तीन बाघों और चार तेंदुओं के शिकार किया था।