रिजर्व बैंक ने जम्मू-कश्मीर बैंक के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक (सीएमडी) आर के छिब्बर का कार्यकाल छह महीने के लिए बढ़ा दिया है। जम्मू-कश्मीर बैंक ने बुधवार को एक बयान में कहा, 'भारतीय रिजर्व बैंक ने बैंक के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक आरके छिब्बर का कार्यकाल 10 अक्टूबर, 2020 से छह महीने या नए प्रबंध निदेशक और सीईओ की नियुक्ति होने तक, जो भी पहले हो, के लिए और बढ़ा दिया है।'
रिजर्व बैंक ने जून 2019 में जम्मू-कश्मीर बैंक के अंतरिम चेयरमैन और प्रबंध निदेशक के रूप में आरके छिब्बर को नियुक्त किए जाने को मंजूरी दी थी। राज्य सरकार द्वारा पद से परवेज अहमद को हटाए जाने के बाद छिब्बर की नियुक्ति की गई थी। उन्हें 10 अक्तूबर, 2019 से छह महीने के लिए पूर्णकालिक सीएमडी नियुक्त किया गया। उसके बाद उनका कार्यकाल फिर विभिन्न अवधि के लिए बढ़ाया गया।