सार
कर्नाटक में ऑटो एलपीजी की मांग अचानक बढ़ गई है, क्योंकि 300 से ज्यादा निजी पंप बंद या आधे चल रहे हैं। इससे आम लोगों और ऑटो चालकों को परेशानी हो रही है। हालात संभालने के लिए इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने सप्लाई बढ़ाकर अपने 55 स्टेशनों से जरूरत पूरी करनी शुरू कर दी है, जिससे ईंधन की कमी न हो और सेवा लगातार जारी रहे।
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड, IOCL
- फोटो : Adobe Stock
कर्नाटक में इन दिनों ऑटो एलपीजी की मांग अचानक बहुत तेजी से बढ़ गई है। इसकी वजह यह है कि बंगलूरू और राज्य के कई हिस्सों में 300 से ज्यादा निजी एलपीजी पंप बंद हो गए हैं या आंशिक रूप से काम कर रहे हैं। ऐसे में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस स्थिति को देखते हुए इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (इंडियन ऑयल) ने बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने पूरे कर्नाटक में ऑटो एलपीजी की सप्लाई काफी बढ़ा दी है, ताकि ऑटो रिक्शा और एलपीजी से चलने वाली गाड़ियों को ईंधन की कमी न हो।
कंपनी के मुताबिक, अभी वह अपने 55 ऑटो एलपीजी डिस्पेंसिंग स्टेशनों (ALDS) के जरिए राज्य में जरूरत पूरी कर रही है। निजी पंप बंद होने के कारण अब ज्यादा लोग सरकारी पंपों पर निर्भर हो गए हैं, जिससे यहां दबाव भी काफी बढ़ गया है। इंडियन ऑयल के अधिकारी वी. वेत्रिसेल्वाक्कुमार ने बताया कि कंपनी ने हालात को संभालने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं, ताकि सप्लाई लगातार जारी रहे और लोगों को परेशानी न हो।