बंगाल में बदलेगा मौसम का मिजाज
- फोटो : Freepik
पश्चिम बंगाल में मौसम करवट बदलने वाला है, मौसम विभाग की तरफ से जारी किए पूर्वानुमान के अनुसार कम दवाब के कारण राज्य के अधिकांश हिस्से में बारिश होगी। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर बंगाल के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र और सक्रिय मानसून के कारण 26 अगस्त तक पश्चिम बंगाल के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश होगी। मौसम विभाग के अधिकारियों ने कहा कि इस अवधि के दौरान दक्षिण बंगाल के जिलों में सबसे अधिक बारिश होने की उम्मीद है।
26 अगस्त तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश का अनुमान
मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा कि अगले एक दिन में झारखंड की ओर बढ़ने वाले कम दबाव वाले सिस्टम के कारण 23 से 26 अगस्त तक दक्षिण और उत्तर 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मिदनापुर, बांकुरा, पूर्व और पश्चिम बर्धमान, पुरुलिया और बीरभूम जिले में बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है।
राज्य के अधिकांश हिस्से में हो रही बारिश
इसके अलावा, मौसम विभाग के अधिकारियों ने कहा कि 26 अगस्त तक दार्जिलिंग, कलिम्पोंग और जलपाईगुड़ी समेत उत्तर बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश होने की उम्मीद है। पिछले 24 घंटों में आसनसोल में सबसे अधिक 64 मिमी बारिश दर्ज की गई, इसके बाद बैरकपुर में 62 मिमी बारिश हुई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, महत्वपूर्ण वर्षा वाले अन्य क्षेत्रों में दमदम (48 मिमी), मेदिनीपुर (45 मिमी), बांकुरा (37 मिमी) और कोलकाता (21 मिमी) शामिल हैं।
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कई जगहों पर हुई बारिश
वहीं देश के अन्य राज्यों में बारिश और मौसम के मिजाज की बात की जाए, तो मध्य प्रदेश में भी मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी किया है। जबकि इंदौर में आज दिन भर तेज बारिश हुई है, शहर में गुरुवार रात से शुरू हुई बारिश शुक्रवार को भी जारी रही है। वहीं पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भी दोपहर के बाद गरज चमक के साथ झमाझम बारिश हुई है।