हैदराबाद के साइबराबाद में साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन को मशहूर टीवी क्विज शो 'कौन बनेगा करोड़पति' के नाम पर धोखाधड़ी की कई शिकायतें मिली है। ऐसी धोखाधड़ी से बचने के लिए आम आदमी को जागरूक करने का फैसला लिया गया है जिससे वह फेसबुक, व्हाट्सएप जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म या एसएमएस के जरिए इनके जाल में न फंसें और आर्थिक नुकसान से बच सकें।
पुलिस द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में लिखा है, 'साइबर धोखेबाज, जो मुख्यत: बिहार और उत्तर प्रदेश में होते हैं, कई लोगों को एक साथ मैसेज भेजते हैं जिसमें कहा जाता है कि उनका नंबर कौन बनेगा करोड़पति लॉटरी में सेलेक्ट हुआ है और उन्होंने 25 लाख रुपये जीते हैं। वो यह मैसेज फेसबुक, व्हाट्सएप के साथ अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी पोस्ट करते हैं।'
अगर कोई व्यक्ति धोखेबाजों द्वारा भेजे मैसेज का जवाब देता है तो वह उन्हें ईनाम की राशि देने के लिए पहले आयकर, जीएसटी, सेवा शुल्क आदि के नाम पर उनसे बड़ी धनराशि बैंक खाते या ई-वॉलेट में जमा करवा लेते हैं।
धोखाधड़ी से बचने के लिए उठाएं ये कदम
- कौन बनेगा करोड़पति के नाम पर किसी भी धोखाधड़ी से बचने के लिए एहतियाती कदम उठाएं।
- अज्ञात व्यक्तियों द्वारा भेजे गए लॉटरी में भारी रकम जीतने संबंधी किसी भी मैसेज का उत्तर न दें।
- ऐसे किसी भी व्यक्ति की किसी बात न भरोसा करें और न ही बैंक खाता और कार्ड आदि की जानकारी दें।
- अंजान व्यक्ति को रुपये भेजने से पहले अपने मित्रों और परिवार के लोगों के साथ बातचीत जरूर कर लें।