दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले में आतंकियों ने जेके बैंक की शाखा से 9.84 लाख रुपये लूट लिए। इनमें 16 हजार के पुराने नोट शामिल हैं।
लूट की वारदात के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर स्थानीय लोगों ने पथराव किया। हालांकि, पुलिस ने संयम बरता ताकि किसी प्रकार की हिंसा न भड़के। फिलहाल एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।
पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप और सेना की 50 राष्ट्रीय रायफल्स द्वारा फरार आतंकियों की तलाश के लिए इलाके में अभियान चलाया गया। पर कोई हाथ नहीं लगा। ज्ञात हो कि घाटी में आठ नवंबर को जारी हुए नोटबंदी के आदेश के बाद कश्मीर घाटी में बैंक लूट की यह तीसरी वारदात है।
पुलवामा के एसएसपी मोहम्मद रईस भट ने बताया कि करीब दोपहर 1:15 बजे हथियारों से लैस चार आतंकी जिले के रतनीपोरा गांव में स्थित जेके बैंक की शाखा में दाखिल हुए। आतंकियों ने हथियारों के दम पर बैंक में मौजूद लोगों को डरा धमकाकर 9,84,000 रुपये लूटे और फरार हो गए।
मामले की प्रारंभिक छानबीन में पता लगा है कि इस लूट में भी लश्कर का ही हाथ है। आरिहाल और रोहमू में भी बैंक लूट की वारदातों को लश्कर माड्यूल ने ही अंजाम दिया था।