राज्यसभा द्वारा दिए गए चार संशोधनों को दरकिनार करते हुए लोकसभा ने वित्त विधेयक को पास कर दिया। मनी बिल होने के कारण राज्यसभा विधेयक में संशोधन करने का केवल सुझाव दे सकती है। राज्यसभा द्वारा दिए गए सुझावों को मानना या फिर नहीं मानना लोकसभा का अधिकार है।
बुधवार को पास हुए थे चार संशोधन
राज्यसभा में बुधवार को विपक्षी दलों ने एकजुटता दिखाते हुए वित्त विधेयक में चार संशोधन करने का प्रस्ताव पास किया था। विपक्षी दलों के सदस्यों से वित्त मंत्री अरुण जेटली से तीखी नोक-झोंक भी हुई थी। बहस के दौरान कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि वो सदन की गरिमा को तार-तार करने जैसा है क्योंकि बाद में सरकार मनी बिल में संशोधन करने का काम कर रही है। बहस के दौरान राजनीतिक दलों को मिलने वाले चंदे, आधार कार्ड को कई सेवाओं के लिए जरूरी करना और कई सारे ट्रिब्यूनल को विलय करना जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।
चिदंबरम ने उठाया आधार हैकिंग का मुद्दा
राज्यसभा में बहस के दौरान पूर्व वित्त मंत्री और कांग्रेस नेता पी चिदंबरम ने आधार कार्ड की हैकिंग का मुद्दा उठाते हुए कहा कि आधार डाटा को भी आसानी से हैक किया जा सकता है। इसलिए बैंक अकाउंट्स और इनकम टैक्स रिटर्न में आधार के जरिए ट्रांजेक्शन कैसे सुरक्षित रह सकते हैं। जब पेंटागन हैक हो सकता है तो आधार हैक होने में कितनी देर लगेगी।
इस पर वित्त मंत्री ने कहा कि आधार को टेक्नोलोजी से जोड़ना गलत है, क्योंकि टेक्नोलोजी पर अटैक हो सकता है। पेंटागन हैक हो गया जबकि वहां पर आधार नहीं था। टेक्नोलोजी को कभी भी हैक किया जा सकता है, तो हम टेक्नोलोजी से न जुड़े। हमें केवल अपने फायरवॉल को सुरक्षित रखना जरूरी है।