आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा दिलाने पर अड़े तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) और वाईएसआर कांग्रेस के सांसदों ने आज फिर बजट सत्र के दूसरे चरण की संसदीय कार्यवाही में विरोध प्रदर्शन किया। दोनों सदनों में इस मांग को लेकर सासंदों ने हंगामा किया। जिसकी वजह से राज्यसभा की कार्यवाही 2 बजे तक के लिए और लोकसभा की कार्यवाही पूरे दिन के लिए स्थगित हो गई है। पिछले एक हफ्ते से सदन की कार्यवाही बाधित हो रही है। कभी सदन में विपक्ष आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य के दर्जे को लेकर तो कभी पीएनबी घोटाले को लेकर हंगामा करता है। जिसकी वजह से दोनों सदनों को बार-बार स्थगित करना पड़ता है।
आज संसद भवन की कार्यवाही में शामिल होने के लिए जाते समय केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार ने कहा- आजकल देश को कांग्रेस से लोकतंत्र के बारे में प्रवचन सुनना पड़ रहा है। मैं उनसे यही कहना चाहूंगा कि हम चर्चा करने को तैयार हैं बैंकिंग स्कैम के बारे में। पिछले हफ्ते ही टीडीपी ने भाजपा के साथ गठबंधन तोड़ दिया था क्योंकि वित्तमंत्री अरुण जेटली ने आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा देने से साफ इंकार कर दिया था। उन्होंने राज्य को विशेष राज्य के बदले विशेष पैकेज देने की बात कही थी। इसके बाद केंद्र सरकार से टीडीपी के दो मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया था।
बता दें कि कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और टीडीपी ने पहले ही साफ कर दिया था कि वह गतिरोध को हल करने का सम्मानजनक प्रस्ताव मिले बिना अपने आक्रामक रुख को जारी रखेगी। पीएनबी घोटाले में कांग्रेस पर जवाबी हमला बोल रही भाजपा भी अपने तेवर कड़े कर चुकी है। विपक्ष पर पलटवार के लिए भाजपा ने 12 से 14 मार्च तक सांसदों की उपस्थिति अनिवार्य करने के लिए व्हिप भी जारी कर दिया था।