लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला के नेतृत्व में एक भारतीय संसदीय शिष्टमंडल 13 से 17 अक्तूबर तक बेलग्रेड, सर्बिया में आयोजित अंतर-संसदीय संघ की 141वीं बैठक में भाग लेगा। शिष्टमंडल में डॉ.शशि थरूर, कनिमोझी करूणानिधि, वानसुक साइम, जुगल किशोर शर्मा, डॉ. भारतीबेन धीरूभाई श्याल, शोभा कारांदलाजे, राम कुमार वर्मा, सस्मित पात्रा, स्नेहलता श्रीवास्तव, महासचिव, लोक सभा, देश दीपक वर्मा, महासचिव, राज्य सभा और शिष्टमंडल के सचिव पी.सी.कौल, संयुक्त सचिव, लोक सभा शामिल हैं। यह शिष्टमंडल बैठक में भाग लेने के लिए 12 अक्तूबर, 2019 को रवाना होगा।
बैठक के दौरान लोक सभा अध्यक्ष अंतर्राष्ट्रीय कानूनों का सुदृढ़ीकरण, संसदों की भूमिका और तंत्र तथा क्षेत्रीय सहयोग का योगदान जैसे मुख्य विषय पर 179 सदस्य देशों से आए पीठासीन अधिकारियों और सांसदों की प्रतिष्ठित सभा को संबोधित करेंगे। सामान्य चर्चा के समापन के पश्चात, बैठक एक घोषणा अंगीकृत करेगी। लोक सभा अध्यक्ष बैठक के दौरान आयोजित किए जाने वाले शासन संबंधी अध्यक्ष के संवाद के दौरान विकास और अर्थव्यवस्था विषय पर इस सभा को संबोधित करेंगे।
बैठक के दौरान भारतीय शिष्टमंडल के सदस्य अंतर-संसदीय संघ की स्थायी समितियों, शासी परिषद, महिला सांसद मंच, युवा सांसद मंच की विभिन्न बैठकों और महत्वपूर्ण विषयों पर पैनल चर्चाओं में भाग लेंगे। शिष्टमंडल के सदस्य इस अवसर पर आयोजित ब्रिक्स संबंधी संसदीय मंच की बैठकों और एशियाई संसदीय सभा (एपीए) की समन्वय बैठक में भी भाग लेंगे। लोक सभा और राज्य सभा के महासचिव, विभिन्न संसदों के महासचिवों के संघ (एएसजीपी) की बैठकों में भाग लेंगे।
लोक सभा अध्यक्ष आपसी हित के मामलों और बढ़ते हुए संसदीय सहयोग के मामलों पर चर्चा करते समय अन्य संसदों से आए अपने समकक्षों के साथ अनेक द्विपक्षीय बैठकों में भी हिस्सा लेंगे।
अंतर-संसदीय संघ संप्रभु राष्ट्रों की संसदों का एक अंतरराष्ट्रीय संगठन है जिसका मुख्यालय जिनेवा, स्विट्जरलैंड में स्थित है। यह संगठन 1889 से विश्व स्तर पर होने वाली संसदीय परिचर्चाओं के केंद्र में रहा है। अंतर-संसदीय संघ लोगों के बीच शांति और सहयोग तथा प्रातिनिधिक संस्थाओं को सुदृढ़ बनाने हेतु कार्य करता है।