लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शुक्रवार को सदन में प्रश्नकाल के दौरान पर्यावरण राज्य मंत्री बाबुल सुप्रियो को बातचीत करने पर टोक दिया। सदन में पर्यावरण को लेकर पूरक प्रश्न पूछे जाने के दौरान बाबुल सुप्रियो बैठे हुए बातचीत करते देखे गए जिस पर बिरला ने उन्हें टोका।
प्रश्नों के उत्तर पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर दे रहे थे। सुप्रियो को टोकते हुए बिरला ने कहा कि मंत्री जी, प्रश्नकाल के दौरान बातचीत नहीं करें। इसके बाद उन्होंने प्रश्नकाल को आगे बढ़ाया।
यूपी में कानून-व्यवस्था पर संसद में संग्राम
लोकसभा में उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता को आरोपियों द्वारा जलाए जाने पर कांग्रेस ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीररंजन चौधरी ने कहा कि उन्नाव केस की पीड़िता 90 फीसदी जल चुकी है। देश में क्या चल रहा है? एक तरफ भगवान राम का मंदिर बनाया जा रहा है और दूसरी तरफ सीता मैया को आग लगाई जा रही है। अपराधियों का हौसला कैसे बढ़ गया? सरकार के बयान से असंतुष्ट कांग्रेस सदस्यों ने लोकसभा से वॉकआउट किया।
स्मृति ईरानी का विपक्ष पर पलटवार
भाजपा की तरफ से लोकसभा में मोर्चा संभालते हुए केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि आप (विपक्षी सांसद) आज यहां चिल्ला रहे हैं, इसका मतलब है कि आप नहीं चाहते कि कोई महिला खड़ी हो और मुद्दों पर बात करे। आप शांत थे जब पश्चिम बंगाल पंचायत चुनावों में दुष्कर्म को राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल किया गया था।