भाजपा के बागी नेता शत्रुघ्न सिन्हा ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाने पर लेते हुए राफेल मुद्दे पर घेरा। कोलकाता क्लब लॉन में आयोजित एक डिबेट कार्यक्रम में उन्होंने पीएम को निशाना बनाते हुए 'चौकीदार' का भी जिक्र किया। इस कार्यक्रम को मशहूर अखबार द टेलीग्राफ ने आयोजित किया था जिसमें भारत को बचाने के विषय पर चर्चा हो रही थी। कार्यक्रम में शत्रुघ्न सिन्हा के अलावा कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी और अमित मित्रा भी मौजूद थे।
शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा, मैं प्रधानमंत्री मोदी, आयरन लेडी और बंगाल की शेरनी ममता बनर्जी को नमन करता हूं। उन्होंने कहा कि आपसे (मोदी) कई बार राफेल के मुद्दे पर बोलने के लिए कहा जा चुका है। अगर नहीं बोलेंगे तो 56 इंच का सीना 6 इंच का नहीं हो जाएगा। अगर आप राफेल के मुद्दे पर चुप रहेंगे तो लोग कहेंगे कि चौकीदार.....।
उन्होंने कहा, कुछ लोग मुझसे पूछते हैं कि वाजपेयी सरकार और मौजूदा सरकार के कार्यकाल में क्या फर्क दिखता है? वाजपेयी जी की सरकार लोकशाही थी जबकि आज की सरकार तानाशाही है। देश में आज डर का माहौल है और हमें ऐसे भारत की जरूरत नहीं है। हमें ऐसे भारत की जरुरत है जहां बेहतर माहौल हो।
गौरतलब है कि इससे पहले शत्रुघ्न सिन्हा तमाम मंचों पर मोदी की आलोचना कर चुके हैं। वह खुलकर खुद को बागी कह चुके हैं। हाल ही में उन्होंने पश्चिम बंगाल में महागठबंधन की रैली में कहा था कि अगर सच कहना बगावत है तो समझो हम भी बागी हैं। मैं सच के साथ खड़ा हूं और इसपर समझौता नहीं कर सकता। मैं किसी पार्टी का नहीं हूं, मेरी जवाबदेही देश की जनता के लिए है।