लोकसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी दिन पे दिन नरेंद्र मोदी पर आक्रामक होते जा रहे हैं। अपने तमिलनाडु चुनावी दौरे के दौरान राहुल ने पीएम मोदी को आड़े हाथों लिया और लगे हाथ वामपंथ की विचारधाराओं पर घेरने लगे। इसी दौरान उन्होंने कहा कि वो पीएम मोदी की तमिल राजनीति के प्रति समझ को बेहतर करने के लिए उन्हें प्रमुख राजनेता पेरियार की किताब भेजेंगे।
राहुल यहां तेनी लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में ईवीकेएस इलांगोवन के लिए चुनाव प्रचार करने पहुंचे थे। बता दें कि इलंगोवन पेरियार के पोते हैं। राहुल यहीं नहीं रुके उन्होंने स्वर्गीय राजनेता एम करुणानिधि की भी कुछ किताबें पीएम मोदी को भेजने की बात कही।
तमिलनाडु में बीसवीं सदी के प्रमुख राजनेता पेरियार ने जस्टिस पार्टी का गठन किया था, जिसका सिद्धांत रुढ़िवादी हिंदुत्व का विरोध करना था। हिन्दी के अनिवार्य शिक्षण का भी उन्होंने घोर विरोध किया। भारतीय तथा विशेषकर दक्षिण भारतीय समाज के शोषित वर्ग के लोगों की स्थिति सुधारने में इनका नाम शीर्षस्थ है।
इस दौरान राहुल अपने चुनावी वादों को समझाते रहे और पीएम मोदी को जीएसटी, नोटबंदी जैसे मुद्दों पर घेरने की कोशिश में लगे रहे। राहुल ने अपने न्याय स्कीम को लेकर भी दक्षिण भारत में लोगों का साथ मांगा।