लोकसभा चुनाव 2019 को लेकर राजनीतिक पार्टियां अपने चुनावी अभियान में लगी हुई हैं। केवल पार्टी के नेता ही नहीं, बल्कि राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक लगातार रैलियां कर रहे हैं। गुरुवार को पंजाब के मोगा में कांग्रेस की कर्ज माफी रैली हो रही है। इस रैली में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी शामिल होंगे। दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी के तीन बड़े कार्यक्रम आयोजित हैं। इनमें से केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह का कार्यक्रम सरकारी है, लेकिन इन दिनों सरकारी जनसभाओं में भी चुनावी मुद्दे, वार-पलटवार आदि देखे जा रहे हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह गुरुवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक लाख करोड़ रुपये से भी अधिक राशि की राजमार्ग की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही वह नमामि गंगे परियोजना के तहत भी करीब दो हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उपस्थिति रहेंगे।