रणनीति से राजनीति में आए जदयू उपाध्यक्ष प्रशांत किशोर के खिलाफ पार्टी के अंदर से उठ रहे विरोध के बीच बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने चुप्पी तोड़ दी है। पीके का पार्टी से किनारा करने के अंदेशे वाले ट्वीट का जवाब देते हुए कहा है कि प्रशांत किशोर जदयू का हिस्सा हैं वो पार्टी के उपाध्यक्ष हैं। प्रशांत किशोर लोकसभा चुनाव में पार्टी के स्टार प्रचारक बनाए गए हैं। ऐसे में पार्टी में अपनी भूमिका को लेकर अगर उन्हें कोई भ्रम है तो यह उनकी दिक्कत है। एक न्यूज चैनल के साथ बातचीत के दौरान उन्होंने यह बात कही।
बता दें कि बीते दिनों प्रशांत किशोर ने ट्वीट कर के कहा था कि पार्टी में उनकी भूमिका सीखने और सहयोग करने की है। उन्होंने लिखा था कि बिहार में एनडीए माननीय मोदी जी एवं नीतीश जी के नेतृत्व में मजबूती से चुनाव लड़ रहा है। जदयू की ओर से चुनाव-प्रचार एवं प्रबंधन की जिम्मेदारी पार्टी के वरिष्ठ और अनुभवी नेता श्री आरसीपी सिंह जी के मजबूत कंधों पर है। राजनीति के इस शुरुआती दौर में मेरी भूमिका सीखने और सहयोग की है।