भाजपा के वरिष्ठतम नेता लाल कृष्ण आडवाणी के ब्लॉग पर पीएम नरेंद्र मोदी ने प्रतिक्रिया दी है। पीएम मोदी ने कहा कि आडवाणी जी ने भाजपा की सोच को बखूबी समझाया है। खास तौर पर इसका मंत्र 'पहले देश, फिर पार्टी और अंत में व्यक्ति'। भाजपा का कार्यकर्ता होने पर गर्व महसूस करता हूं और गर्व है कि आडवाणी जी जैसे महान नेता ने इसे मजबूत किया है।
बता दें कि 6 अप्रैल को भाजपा के स्थापना दिवस कार्यक्रम से पहले वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी ने ब्लॉग लिखकर अपने विचारों को साझा किया है। उन्होंने साफ कहा कि भाजपा से अलग राजनीतिक राय रखना देशविरोधी होना नहीं है।
आडवाणी ने लिखा कि देश की सेवा करना मेरा पैशन और मिशन रहा है। देश पहले, फिर पार्टी और उसके बाद मैं। हमारी भारतीय राष्ट्रवाद की तरह हमने भी राजनीतिक रूप से अलग विचार रखने वालों को देशविरोधी नहीं माना है। हमारी पार्टी हर नागरिक के चुनने की आजादी को लेकर प्रतिबद्ध है। अपने उदय के साथ ही भाजपा ने अपने राजनीतिक विरोधियों को अपना दुश्मन नहीं माना है बल्कि विपक्षी के तौर पर देखा है।