मोदी ने कहा, ‘अब 21वीं सदी कांग्रेस को उसकी गलतियों के लिए दंडित कर रही है।’ उन्होंने कांग्रेस पर राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर हमला बोलते हुए कहा कि उनका व्यवहार देश के सशस्त्र बलों के प्रति उनका रुख दिखाता है। उन्होंने कहा, ‘जब सर्जिकल स्ट्राइक होती हैं वे सबूत मांगते हैं। आप हमारे सैनिकों और उनकी वीरता में विश्वास करते हैं या नहीं? क्या हमारे वीरों के लिए सबूत चाहिए?’
उन्होंने कहा, ‘जब भारत उनके घरों में घुसकर आतंकवादियों को मारता है...ये महामिलावटी सेना की वीरता पर सवाल उठाते हैं। वे इस स्तर पर गिर गए हैं कि सेना प्रमुख को ‘गली का गुंडा’ कहते हैं। इन लोगों को शर्म आनी चाहिए या नहीं, लेकिन क्या इनको शर्म आएगी?’
उन्होंने गत शुक्रवार की अपनी केरल यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि स्थिति वहां पर ऐसी है कि ‘महामिलावट’ का हिस्सा कम्युनिस्ट सरकार में कोई भी नागरिक सार्वजनिक रूप से भगवान अयप्पा का नाम नहीं ले सकता। मोदी ने कहा, ‘कांग्रेस के नामदारों ने फोन बैंकिंग का खेल खेला, बैंक बर्बाद हो गए। बैंकों ने स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद से 2006 तक 60 वर्षों तक जितनी राशि का कर्ज दिया, इन लोगों ने 2006 से 2014 तक उससे दोगुना दिया। कितना कमीशन आया, वह हमें जांच के बाद पता चलेगा।’