संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेस के अन्य सदस्यों ने लोकसभा में पिछले महीने गडकरी के शानदार काम के लिए उनकी प्रशंसा की थी। गडकरी ने स्वयं को अत्यधिक काम करने वाला व्यक्ति बताया और कहा कि केंद्र सरकार ने ढांचागत सुविधाओं समेत विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर काम किया है।
यह पूछे जाने पर कि क्या उन्हें लगता है कि मौजूदा कार्यकाल में कुछ कार्य पूरे नहीं हो पाए, गडकरी ने कहा कि उन्हें कोई खेद नहीं है क्योंकि, जो भी काम किया जाना चाहिए था, मैंने किया। कोई भी परिपूर्ण नहीं हो सकता और किसी को यह नहीं सोचना चाहिए कि वह परिपूर्ण है, हर किसी को लगातार काम करना चाहिए।
गडकरी सड़क परिवहन एवं राजमार्ग, जहाजरानी और जल संसाधन, नदी विकास एवं गंगा संरक्षण मंत्रालयों के प्रभारी हैं। उन्होंने राजनीति को अनिवार्यताओं, सीमाओं और विरोधाभासों का खेल बताते हुए कहा कि राजनीति और क्रिकेट में कुछ भी हो सकता है।
गडकरी ने भरोसा जताया कि भाजपा को आगामी आम चुनाव में जबरदस्त जीत मिलेगी और उसकी सीटों की संख्या बढ़ेगी। उन्होंने सरकार की विभिन्न पहलों का जिक्र करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना से 10 करोड़ परिवारों को लाभ पहुंचा है, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 1.5 करोड़ मकान बनाए गए हैं और छह करोड़ लोगों को गैस सिलेंडर मिले हैं तथा यह संख्या 12 करोड़ तक जा सकती है।
गडकरी ने कहा कि गरीब को चूल्हे और कोयले से निजात मिल गई है। उज्ज्वला योजना के तहत (लोगों तक) बिजली पहुंची है और कई ऐसे कानूनों को समाप्त कर दिया गया है या उनमें संशोधन किया गया है, जो समय के साथ औचित्य खो चुके थे।
गंगा को स्वच्छ बनाने की दिशा में किए गए कार्यों का जिक्र करते हुए गडकरी ने कहा कि हाल में कुम्भ स्नान के लिए उनके दौरे के दौरान लोगों ने उन्हें बताया कि उन्होंने 50 साल में पहली बार नदी को निर्मल और अविरल पाया है