Lalu Prasad Yadav and Jitan Ram Manjhi (File Photo)
- फोटो : social media
हिंदुस्तानी अवामी मोर्चा (हम) के मुखिया जीतन राम मांझी ने शनिवार को कहा कि बिहार में प्रस्तावित महागठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर हम लोग चिंतित हैं क्योंकि महागठबंधन के सभी दलों को चुनाव में अपने उम्मीदवारों के लिए सम्मानजनक सीटें मिलनी चाहिए।
रांची के रिम्स में न्यायिक हिरासत में अपनी बीमारियों का इलाज करा रहे राष्ट्रीय जनता दल के मुखिया लालू प्रसाद यादव से मिलने के बाद मीडिया से मुखातिब हम के अध्यक्ष मांझी ने यह बात कही।
मांझी ने कहा कि लालू यादव ने महागठबंधन के सभी दलों से मिल-बैठकर सीटों के तालमेल पर बातचीत करने को कहा है। यह पूछे जाने पर कि क्या सीटों के बंटवारे को लेकर महागठबंधन में कोई तकरार है, मांझी ने कहा कि महागठबंधन के सदस्यों में कोई भी विवाद नहीं है, लेकिन सभी के सम्मान की रक्षा होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि लालू भी राजद, कांग्रेस, हम और अन्य छोटे दलों के बीच चुनावों के लिए सीटों के बंटवारे पर शीघ्र बैठक करने के पक्ष में हैं। इस बीच सीटों के बंटवारे को लेकर मीडिया में आ रही तरह-तरह की खबरों का मांझी ने खंडन किया और कहा कि अभी कोई फॉर्मूला तय ही नहीं हुआ है तो सीटें कैसे तय हो जायेंगी?
मांझी ने कहा कि यदि हम मिलकर लड़ेंगे तो हम निश्चित तौर पर राजग को परास्त करेंगे लेकिन यदि हम अलग-अलग लड़े तो राजग नहीं हारेगा और यह देश के लिए बड़ा नुकसान होगा।