आंध्र प्रदेश में कथित वोटर डाटा चोरी के मामले में संलिप्त कंपनी आईटी ग्रिड पर आयकर विभाग के छापे के बाद राजनीतिक विवाद गहरा गया है। फर्म पर आयकर छापे से गरमाए टीडीपी प्रमुख चंद्रबाबू नायडू ने इसे साजिश करार दिया है। चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि वाईएस जगनमोहन रेड्डी और विजयसाई रेड्डी इस मामले में मुख्य आरोपी हैं। तेलंगाना के सीएम केसीआर उनकी मदद कर रहे हैं और इस पूरे षडयंत्र के पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हाथ है।
नायडू ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि ये लोग पावर का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं। चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि वाईएसआरसीपी और टीआरएस की साजिश का पर्दाफाश हो गया है। तेलंगाना पुलिस विजयसाई रेड्डी के निर्देश पर काम करती रही है।
नायडू ने जगनमोहन रेड्डी की तुलना दाऊद इब्राहिम से करते हुए कहा कि दाऊद इब्राहिम कहीं दिखाई नहीं देता है। आप उसे ढूंढ नहीं सकते लेकिन हर कोई डरता है, यही हाल आज जगनमोहन रेड्डी का है।
गौरतलब है कि आईटी ग्रिड्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड वही फर्म है जिसने 'सेवा मित्र ऐप' बनाया था। सेवा मित्र ऐप पर कथित रूप से आंध्र प्रदेश के वोटर प्रोफाइलिंग के लिए लाभार्थियों का डाटा चुराए जाने का आरोप है। इसके पहले टीडीपी ने कहा था कि सेवा मित्र ऐप बनाने वाली कंपनी पर पड़े आयकर विभाग के छापे आधारहीन और गलत नीयत से डाले गए हैं।