लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिए 20 राज्यों की 91 सीटों पर मतदान शुरू हो चुका है। मतदाताओं को जागरुक करने के लिए गूगल ने डूडल बनाकर चुनाव संदेश दिया है। गूगल ने डूडल बनाकर लोगों से मतदान करने की अपील की है। गूगल ने डूडल बनाकर मतदान करने की पूरी प्रक्रिया समझाई है।
पहले चरण के मतदान में जिन प्रमुख नेताओं की किस्मत ईवीएम में कैद हो जाएगी उनमें केंद्रीय मंत्री जनरल (सेवानिवृत्त) वीके सिंह, नितिन गडकरी, हंसराज अहीर, किरण रिजिजू, कांग्रेस की रेणुका चौधरी, एआईएमआईएम के असददुद्दीन ओवैसी शामिल हैं।
इस चरण में रालोद के अजीत सिंह का मुकाबला उत्तर प्रदेश में मुजफ्फरनगर सीट पर भाजपा के संजीव बालयान से है जबकि उनके बेटे जयंत चौधरी बागपत सीट पर केन्द्रीय मंत्री सत्यपाल सिंह को चुनौती दे रहे हैं। लोजपा प्रमुख रामविलास पासवान के सांसद पुत्र चिराग पासवान बिहार में जमुई सीट से उम्मीदवार हैं।
लोकसभा चुनाव के पहले चरण के साथ आंध्र प्रदेश, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भी मतदान जारी है। लोकसभा चुनाव के पहले चरण में आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, उत्तराखंड, मिजोरम, नागालैंड, सिक्किम, लक्षद्वीप, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह तथा तेलंगाना की सभी लोकसभा सीटों पर मतदान जारी है।