लोकसभा चुनावों के लिए झारखंड में कांग्रेस के साथ गठबंधन करने के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने रविवार को कहा कि चुनावों में भाजपा से निपटने के लिए महागठबंधन बनाना वक्त की जरूरत है और कांग्रेस को इस 'परिवार' में बड़े भाई की भूमिका अदा करनी चाहिए।
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि झामुमो और कांग्रेस ने पहले के मतभेदों को भुला कर लोकसभा के साथ ही राज्य में इस साल होने जा रहे विधानसभा चुनावों के लिए भी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और झारखंड विकास मोर्चा (प्रजातांत्रिक) के साथ गठजोड़ किया है।
उन्होंने पीटीआई-भाषा को बताया कि राहुल गांधी जी से मुलाकात करने के बाद सबने मिलकर यह तय किया है कि लोकसभा चुनावों में कांग्रेस ज्यादा सीट पर लड़ेगी और झामुमो 2019 के झारखंड विधानसभा चुनावों में अधिक सीटों पर लड़ेगी। सोरेन ने कहा कि दोनों चुनावों में सीटों के बंटवारे को अंतिम रूप देने के लिए गठबंधन सहयोगियों का नेतृत्व लगातार उनके संपर्क में है और इस व्यवस्था को 'बहुत जल्द' औपचारिक रूप दे दिया जाएगा।
झारखंड विधानसभा में विपक्ष के नेता सोरेन ने कहा कि जेवीएम (पी) और राजद के साथ ही कांग्रेस के साथ हमारा गठबंधन सामाजिक रूप से समावेशी, जन पक्षधर और कल्याण आधारित सरकार बनाने के एक समान लक्ष्य पर आधारित है जो वंचित वर्गों के अधिकारों और हितों को प्राथमिकता देगा।