गुजरात में कांग्रेस विधायकों के इस्तीफे का दौर थम नहीं रहा है। पार्टी छोड़ने वालों की सूची में जामनगर से कांग्रेस विधायक वल्लभ धाराविया का भी नाम जुड़ गया है। आज धाराविया ने कांग्रेस पार्टी को अलविदा कह अपना इस्तीफा गुजरात विधानसभा अध्यक्ष राजेंद्र त्रिवेदी को सौंप दिया। वहीं, कांग्रेस से इस्तीफा देने वाले विधायक पुरुषोत्तम सावरिया ने आज भाजपा का हाथ थाम लिया।
जवाहर चावड़ा और पुरुषोत्तम सावरिया पहले ही कांग्रेस पार्टी छोड़ चुके हैं। चावड़ा तो भाजपा सरकार में मंत्री भी बन चुके हैं, वहीं सावरिया ने आज भाजपा के बड़े नेताओं की उपस्थिति में कमल थाम लिया।
जवाहर चावड़ा गुजरात के माणावदर विधानसभा सीट से चार बार विधायक रह चुके हैं। यह सीट जूनागढ़ जिले में आती है। चावड़ा को ओबीसी के बड़े नेता के तौर पर जाना जाता है और वह अहीर समुदाय से आते हैं। वहीं, सावरिया ने ध्रांगधरा विधानसभा सीट से चुनाव जीता था। ध्रांगधरा मोरबी जिला के अंतर्गत आता है।