Sharad pawar, Mallikarjun kharge, Ashok Chawan
महाराष्ट्र में विपक्ष मंगलवार को अपने चुनावी अभियान की शुरुआत कर रही है। यह शुरुआत महाराष्ट्र के पूर्व सीएम अशोक चव्हाण के चुनावी क्षेत्र नांदेड़ से होगी, जहां मंगलवार को कांग्रेस और एनसीपी की संयुक्त रैली आयोजित है।
पिछले लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र में कांग्रेस का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था और कांग्रेस ने 48 सीटों में से केवल दो सीटों पर जीत दर्ज की थी। इसमें एक नांदेड़ की सीट भी थी। माना जा रहा है कि इसलिए कांग्रेस यहां से अपना अभियान शुरू कर रही है।
अबतक मिली जानकारी के अनुसार, रैली को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और एनसीपी नेता शरद पवार संबोधित करेंगे। मालूम हो कि महाराष्ट्र में भाजपा और शिवसेना ने अपनी पुरानी रार खत्म करते हुए गठबंधन किया है और दोनों के बीच सीटों का बंटवारा भी तय हो गया है। भाजपा यहां 25 सीटों पर तो शिवसेना 23 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
वहीं, दूसरी ओर एनसीपी और कांग्रेस ने औपचारिक तौर पर गठबंधन का एलान नहीं किया है। सीटों के बंटवारे को लेकर भी विपक्षी पार्टियों के बीच अभी कोई ठोस समझौता नहीं बन पाया है। खबरों के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी महाराष्ट्र में आगामी 20 मार्च को रैली की शुरुआत करने वाले हैं।