भाजपा ने सिक्किम समेत पूर्वोत्तर के आठ राज्यों की 25 लोकसभा सीटों में से कम से कम 21 सीटें जीतने का दावा किया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता व असम के वित्त मंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि भाजपा व उसके सहयोगी दल पूर्वोत्तर की 25 में से 19 से 21 सीटों पर जीत हासिल करेगी।
असम की 14 सीटों के लिए 11, 18 और 23 अप्रैल को तीन चरणों में मतदान होगा जबकि मणिपुर व मेघालय की दो-दो सीटों पर दो चरणों में। उनके अलावा मेघालय (दो सीट), नगालैंड (एक), अरुणाचल (दो), मिजोरम (एक) और सिक्किम की एक सीट के लिए एक चरण में मतदान होगा।
हिमंत ने कहा कि भाजपा व उसके सहयोगी दलों को असम की 14 सीटों में से नौ से 11 तक सीटें मिलेंगी। उन्होंने कहा कि पहचान व विकास ही लोकसभा चुनावों में पार्टी का मुख्य एजेंडा होगा।