छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तोहफे में आइना भेजा है। बाकायदा ट्वीट कर उन्होंने पीएम मोदी पर तंज कसते हुए कहा है कि इसे ऐसी जगह लगाएं जहां से आप रोज गुजरते हैं। उन्होंने लिखा है कि इस लोकसभा चुनाव में देश की 125 करोड़ की आबादी आपको आईना दिखाने वाली है।
उन्होंने लिखा कि मैं आपको यह आइना तोहफा स्वरूप भेज रहा हूं। इस आइने को आप लोक कल्याण मार्ग के अपने आवास में किसी ऐसी जगह लगाएं, जहां से आप सबसे अधिक बार गुजरते हों, ताकि इस आइने में अपनी शक्ल बार बार देख आप अपनी असली चेहरे को पहचानने की कोशिश कर सकें।
पीएम आवास का पता लिख ऑनलाइन ऑर्डर कर दिया
सीएम बघेल ने किसी ऑनलाइन मार्केटिंग साइट से आइना ऑर्डर किया है और उसे प्रधानमंत्री आवास के पते पर भेजा है। उन्होंने इसकी इमेज अपने ट्विटर और फेसबुक एकाउंट पर भी लगाई है। इस इमेज के अनुसार, बघेल ने जो उत्पाद(प्रॉडक्ट) उन्हें भेजा है, इस आइटम का नाम 'फैंटेसी मिरर सिल्वर सेविंग एंड मेकअप मिरर' बताया गया है और यह ऑर्डर तीन से पांच अप्रैल तक प्रधानमंत्री के पते पर पहुंचने की संभावना है।
'आपको मोदीजी तो बोल सकता हूं न!'
बघेल ने यह भी लिखा है कि आपको मोदी जी तो बोल ही सकता हूं ना? दरअसल क्या है कि आपने ख़ुद को इतने नाम दे रखे हैं कि लोग भ्रमित हो जाते हैं कि आपको किस नाम से पुकारें। लिखा कि आप स्वतंत्र भारत के पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जिनके कई चेहरे हैं। जो कि अपनी सुविधानुसार उन चेहरों का मतदाताओं को लुभाने के लिए इस्तेमाल करता है, लेकिन इनमें से आपका असली चेहरा है कौन सा?
भूपेश बघेल ने अपने फेसबुक एकाउंट पर प्रधानमंत्री के नाम एक बड़ी चिट्ठी भी लिखी है, जिसमें उन्होंने भ्रष्टाचार, बेरोजगारी जैसे कई मुद्दों पर उनपर आरोप लगाए हैं।