उत्तर प्रदेश की अमेठी लोकसभा सीट पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की हार का कारण अपने निर्वाचन क्षेत्र के प्रति उनकी 'बेरुखी' भी रही। यह कहना है अमेठी लोकसभा क्षेत्र के तहत आने वाले सलोन विधानसभा क्षेत्र के लोगों का । भाजपा प्रत्याशी स्मृति ईरानी की जीत और राहुल गांधी की हार के कारण गिनाते हुए उन्होंने यह बात कही। प्रतापगढ से वाराणसी—लखनऊ राजमार्ग पर लखनऊ की ओर आते समय सलोन रायबरेली से लगभग 25 किलोमीटर पहले पडता है ।
'राहुल गांधी ने दिखाई क्षेत्र के प्रति बेरुखी'
सलोन नवीन मंडी परिसर के निकट आढतियों के समूह से जब यह सवाल पूछा गया कि राहुल गांधी की हार का बड़ा कारण क्या रहा तो उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने अपने क्षेत्र के प्रति 'बेरुखी' दिखायी । थोक व्यापारी नील सिंह ने कहा, 'राहुल केवल फुर्सतगंज हवाई अड्डे से उतरकर अमेठी जाते थे और वहीं तक सीमित रहते थे । जब क्षेत्र की जनता को समय नहीं देंगे तो वोट कैसे पाएंगे ।'
स्मृति ईरानी ने घर-घर जाकर लोगों से किया सीधा संवाद
सलोन बस अडडे के निकट चाय की दुकान चलाने वाले राजू सोलंकी ने कहा, 'राहुल के सलाहकारों ने उनकी किरकिरी कराई है । क्षेत्र के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं की सुनी ही नहीं जाती थी और बाहर ही बाहर राहुल निकल जाते थे ।' उन्होंने कहा, 'इसके ठीक उलट स्मृति जी घर-घर और गांव-गांव गयीं और लोगों से सीधा संवाद कर विकास और बदलाव के लिए वोट मांगा । उन्हें इसका फायदा भी मिला ।'