पांचवे चरण के चुनाव में महज दो दिन शेष रह गए हैं। छह मई को होने वाले मतदान से पहले राजनीतिक दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की ताबड़तोड़ रैलियां जारी है, तो वहीं दूसरी ओर कांग्रेस, महागठबंधन, सपा-बसपा गठबंधन समेत हर छोटे बड़े दल जनसभाओं और जनसंपर्क कार्यक्रम में लगे हैं। आपको दिनभर की चुनावी हलचल की हर अहम जानकारी यहां मिलेगी।
-चुनाव आयोग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गुजरात के पाटन में चुनाव प्रचार के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाला बयान देने मामले में क्लीन चिट देते हुये इस बारे में की गयी शिकायत को खारिज कर दिया है। आयोग के सूत्रों के अनुसार आयोग ने शनिवार को गुजरात के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) की रिपोर्ट के आधार पर कांग्रेस द्वारा की गयी शिकायत को गलत करार दिया है। आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मोदी द्वारा 21 अप्रैल को पाटन में चुनाव प्रचार के दौरान सेना का जिक्र करने वाला बयान देकर चुनाव आयोग के परामर्श और चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने की शिकायत की गई थी। इस मामले में गुजरात के सीईओ से विस्तृत रिपोर्ट मांगी गयी थी। सीईओ की रिपोर्ट के आधार पर आयोग ने इस मामले में चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन से जुडे़ विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जांच के आधार पर शिकायत को सही नहीं पाया है।
-पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दिल्ली के अपने समकक्ष अरविंद केजरीवाल पर हमले की निंदा की और कहा कि विपक्षी नेताओं पर हमला संकेत देता है कि भाजपा लोकसभा चुनाव हार रही है और हताश हो गई है। तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो ने एक ट्वीट में कहा, राजनीतिक प्रतिशोध। राजनीतिक गुंडागर्दी। राजनीतिक बदले की भावना। विपक्षी नेताओं को बदनाम करना और उनपर हमला दिखाता है कि भाजपा चुनाव हार रही है और हताश प्रयास कर रही है। हम अरविंद केजरीवाल पर हमले की निंदा करते हैं । हम सब आपके साथ हैं अरविंद।
-इंडिया गेट पर भाजपा के कैंपेन 'सातों सीटें मोदी को' में शामिल हुए एक्टर विवेक ओबरॉय। इस दौरान बंगलूरू दक्षिण से भाजपा उम्मीदवार तेजस्वी सूर्या और कपिल मिश्रा भी रहे मौजूद।
-फतेहपुर में बोले अमित शाह: साध्वी निरंजन ज्योति जी को क्षेत्र के विकास के लिए मैंने जुझारू लक्ष्मी बाई की तरह लड़ते देखा है। फतेहपुर को राजकीय मेडिकल कॉलेज, केंद्रीय विद्यालय, रेल पार्क, पासपोर्ट सेवा केंद्र देने के अलावा इन्होंने कई विकास कार्य किए हैं। देश का पिछड़ा समाज कई वर्षों से संवैधानिक सम्मान की मांग कर रहा था। कांग्रेस, सपा, बसपा पिछड़ों की बात तो करते थे, लेकिन पिछड़ों का सम्मान कभी नहीं करते थे। मोदी जी की सरकार ने पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक मान्यता देना का काम किया है।
-दिल्ली के मोतीनगर में रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को एक युवक ने थप्पड़ मार दिया।
-योगी आदित्यनाथ ने कहा, "2017 में उत्तर प्रदेश की इस महान जनता ने प्रदेश के दो लड़कों की जोड़ी को खारिज किया था। कहा था कि दो लड़कों की जोड़ी नहीं होती, जोड़ी तो बैलों की होती है।"
-बिहार के वाल्मीकि नगर में बोले पीएम मोदी: नीतीशजी ने बड़ी मेहनत करके लालटेन को हटाया है। घर-घर में बिजली पहुंचाई है। वो आपको फिर से लालटेन युग की और ले जाना चाहते हैं, लेकिन नीतीश जी और उनकी टीम आपके घर में एलईडी बल्ब की दूधिया रोशनी पहुंचाने के लिए लगातार मेहनत कर रही है।
-भाजपा नेता और वित्तमंत्री अरुण जेटली ने राहुल गांधी पर हल्ला बोलते हुए कहा कि यह एक ऐसे शख्स की कहानी है, जो रक्षा सौदागर बनने की ख्वाहिश रखता था और आज भारत का प्रधानमंत्री बनने की ख्वाहिश रखता है।
-भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने स्मृति ईरानी के समर्थन में अमेठी में रोड शो किया। अमेठी में स्मृति ईरानी का मुकाबला कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से है। अमेठी लोकसभा सीट पर 6 मई को मतदान होना है।
-
पश्चिम बंगाल: बनगांव लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार शांतनु ठाकुर जगुलिया के पास एक सड़क दुर्घटना में घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
-अपने पारंपरिक लोकसभा सीट अमेठी में राहुल गांधी ने कहा कि न्याय योजना का पैसा हम अनिल अंबानी की जेब से निकालेंगे। आज 'चौकीदार' बोलो तो जनता कहती है 'चोर है'। सभी चौकीदार चोर नहीं हैं, बस एक ही चोर है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि अब मैं नरेंद्र मोदी को अच्छे से पहचान गया हूं। कोई भी अगर उनके सामने खड़ा हो जाए और कहे कि मैं आपसे नहीं डरता तो मोदी भाग जाएंगे। मालूम हो कि पांचवे चरण के लिए चुनाव प्रचार के आखिरी दिन राहुल गांधी सुल्तानपुर और अमेठी दौरे पर हैं।
-सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल डीएस हुड्डा ने ने कांग्रेस के 6 सर्जिकल स्ट्राइक के दावे पर कहा, "सर्जिकल स्ट्राइक कहिए या सीमा पार ऑपरेशन, सेना पहले भी ये करती रही है। बस तारीखों और इलाके के बारे में ठीक-ठीक नहीं कहा जा सकता।"
-चंडीगढ़ के नोडल अधिकारी ने भाजपा उम्मीदवार किरण खेर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। किरण पर आरोप है कि उन्होंने अपने ट्विटर पर एक वीडियो डाला जिसमें बच्चे वोट फॉर किरण खेर और अबकी बार मोदी सरकार जैसे नारे लगाते दिख रहे हैं। किरण खेर को 24 घंटे में जवाब देना होगा।
-बाबा रामदेव और अन्य संतों ने सीपीएम नेता सीताराम येचुरी के खिलाफ हरिद्वार के एसएसपी को शिकायत दर्ज कराई है। येचुरी ने कहा था कि रामायण और महाभारत हिंसा और युद्ध की घटनाओं से भरे हुए हैं।"
-अरविंद केजरीवाल के मनोज तिवारी नाचता अच्छा है बयान पर मनोज तिवारी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा है, "मुझे गाली देकर उन्होंने पूर्वांचल के लोगों को गाली दी है। वहां के लोग उन्हें इसका नतीजा भी दिखा देंगे।"
-15 साल पहले श्रीमान बंटाधार का यहां शासन था, क्या तब गांवों में बिजली आती थी? शिवराज जी की सरकार ने यहां बिजली पहुंचाई, सड़कों की स्थिति बेहतर की, किसानों के लिए काम किए। शिवराज जी की सरकार ने गरीबों के हित में काम किये
-बाराबंकी में अखिलेश यादव: भाजपा वाले किन्हें उतार रहे हैं सड़कों पर, देखा है कभी। सांड आ रहे हैं और ऐसी भाजपा की सरकार है, सांड लोगों को मार रहा है। अगर सांड मार दे देसी आदमी को, हमारी पुलिस बताए कौन सी एफआईआर होगी उस आदमी पर। अगर सांड मार रहा है तो एफआईआर सीएम पर होनी चाहिए।
-प्रतापगढ़ में बोले पीएम मोदी, "नामदार कान खोलकर सुन लो, ये मोदी सोने की चम्मच लेकर और राज परिवार में पैदा नहीं हुआ है। ये मोदी भारत मां की धूल फांककर बड़ा हुआ है। ये मोदी 5 दशक तक बिना रुके बिना थके, सिर्फ भारत माता के लिए जिया है और भारत माता के लिए तपस्या की है।"
-राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, "कांग्रेस का चुनाव अभियान बेहतरीन ढंग से चला है। यही वजह है कि प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह राजस्थान पर फोकस कर रहे हैं। पीएम, एक दिन में तीन बैठकें कर रहे हैं, जाहिर है वो नर्वस हैं।"
-अमेठी में स्मृति ईरानी पर प्रियंका गांधी वाड्रा ने जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जनता को पता है कि यहां क्या नाटक चल रहा है। प्रियंका ने कहा कि स्मृति, अमेठी आने का नाटक करती हैं। किसान मोदी सरकार से नाराज हैं। देश को शहंशाह नहीं लोकतंत्र चाहिए।
-उत्तर प्रदेश के कैसरगंज से भाजपा प्रत्याशी बृज भूषण शरण सिंह ने कहा—
मायावती जी ने गोंडा की रैली में मुझे गुंडा कहा। मैं ये कहना चाहता हूं कि उत्तर प्रदेश में वह खुद गुंडी हैं, उन्होंने मुझे जेल के अंदर धकेला और यातनाएं दीं। चुनाव बाद वह जेल के अंदर होंगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोले राहुल गांधी
-आधे चुनाव के बाद यह तय हो चुका है कि मोदीजी चुनाव हार रहे हैं। कांग्रेस पार्टी का अनुमान है कि भाजपा चुनाव हार रही है। हम उनके साथ चार-पांच चुनाव लड़ चुके हैं। जैसे ही उन्हें लगता है कि वह चुनाव हार रहे हैं, वह ध्यान भटकाने के लिए कुछ नया करने लगते हैं। देश में बेरोजगारी बड़ा मुद्दा है, उसके बारे में नरेंद्र मोदीजी कुछ नहीं बोलते हैं। कांग्रेस के घोषणापत्र में पूरा का पूरा एक चैप्टर रोजगार पर केंद्रित है। मैं हर साल दो करोड़ नौकरी का झूठे वादे नहीं करुंगा। हमने एक साल के अंदर 22 लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा किया है। 10 लाख युवाओं को पंचायतों में रोजगार दे देंगे। नोटबंदी और गब्बर सिंह टैक्स से उन्होंने अर्थव्यवस्था की कमर तोड़ दी है। एक व्यापारी ने मुझे कहा था कि मेरी आंखों से खून निकल रहा है।
-राहुल गांधी की नागरिकता पर चल रहे विवादों के बीच इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने कहा कि राहुल पिछले 15 सालों से सांसद हैं, वो भारतीय नागरिक कैसे नहीं हो सकते हैं? वो इतने सालों से सांसद हैं, उनके साथ आप(भाजपा) संसद भवन में उठते-बैठते हैं, साथ में काम करते हैं, फिर अचानक आज ही उनकी नागरिकता पर झूठे सवाल क्यों उठा रहे हैं?
पढ़ें पूरी खबर
-चुनाव आयोग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को वाराणसी में चुनावी भाषण के दौरान उनके द्वारा यह कहे जाने पर कि नए भारत ने पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया, के मामले में भी क्लीनचिट दिया। वहीं दूसरी ओर राहुल गांधी की अपील को भी स्वीकार कर लिया, जिसमें उन्होंने मध्य प्रदेश के शहडोल में दिए भाषण पर नोटिस का जवाब देने के लिए सात मई तक का समय मांगा था। आयोग ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के 22 अप्रैल को नादिया के कृष्णानगर में दिए भाषण पर भी क्लीन चिट दी। कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने अमित शाह पर आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाया था।
-भगवान शिव की तस्वीर लगे ट्रक पर रोड शो कर फंसे सनी देओल
जिस ट्रक पर सवार हो वह शुक्रवार को रोड शो कर रहे थे, उस ट्रक के आगे भगवान शिव की तस्वीर लगी हुई थी। आरोप है कि सनी देओल जिस तरह बैठे थे, उनका पैर तस्वीर के पास था। कांग्रेस ने इसे भगवान शिव का अपमान बताते हुए धर्म का मुद्दा बना लिया है। कांग्रेस नेताओं ने गुरदासपुर में सनी देओल का पुतला भी फूंका और मामले की जांच की मांग की है।
-उत्तर प्रदेश और बिहार में पीएम मोदी की रैली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ और बस्ती में चुनावी रैली करेंगे। इसके बाद वह बिहार जाएंगे, जहां वाल्मीकि नगर में जनसभा करेंगे।