मंगलवार को देशभर के 15 राज्यों की 116 लोकसभा सीटों पर मतदान के साथ ही तीसरे चरण का चुनाव भी संपन्न हो गया। पहले चरण में 11 अप्रैल को 20 राज्य की 91 सीटों और दूसरे चरण में 18 अप्रैल को 12 राज्य की 95 लोकसभा सीटों पर मतदान हो चुका है। बाकी के चार चरणों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, योगी आदित्यनाथ, अखिलेश, मायावती, मुलायम सिंह समेत कई राजनेताओं की रैलियां जारी है। आपको दिनभर की चुनावी हलचल की हर अहम जानकारी यहां मिलेगी।
-आपका आशीर्वाद लेने वाराणसी आया हूं। देशहित के अलावा किसी और का हित नहीं सोचूंगा। इंडिया फर्स्ट ही मेरा मंत्र है।
-17 मई 2014 को वाराणसी में सोच रहा था कि काशी की उम्मीदों पर खरा उतर पाउंगा क्या, लेकिन आज कह सकता हूं कि बदलाव को पूरा देश अनुभव कर रहा है।
-जो सपना था वो पूरा हो गया, ऐसा दावा मैं नहीं करता, लेकिन उस सपने को पूरा करने की रफ्तार बढ़ी है, इतना जरूर कह सकता हूं।
-यहां रेलवे, सड़कों को सुधारा गया है, सड़कें चौड़ी हो रही हैं, लटके तार गायब हो रहे हैं। गंगा घाट पर अलग ही रौनक है। वाराणसी संपूर्णता का प्रतीक है। इसलिए व्यवस्थाएं भी संपूर्ण होनी चाहिए।
-काशी ने मुझे सिर्फ एमपी नहीं, पीएम बनने का आशीर्वाद दिया। मुझे आतंकवादियों को उन्हीं की भाषा में जवाब देने का साहस दिया। हमने उन्हें बता दिया कि नया भारत सहता और कहता नहीं है, वो आतंक को मुंहतोड़ जवाब देता है।
-काशी स्वास्थ्य सुविधाओं का केंद्र बन रही है। देश के प्रमुख आधुनिक अस्पतालों में से एक काशी में है।
-अब हमारे विरोधी भी हमारा लोहा मानते हैं। रेलवे, सड़क, हाईवे को लेकर पूरे देश में काम हो रहा है, इसकी झलक काशी में भी दिखती है।
-मां गंगा को निर्मल, अविरल बनाने की दिशा में हम बहुत आगे बढ़ चुके हैं।
-बाबा विश्वनाथ धाम का काम प्रगति पर है। बाबा की इच्छा के बिना पत्ता भी नहीं हिलता, मैं तो निमित्त मात्र हूं।
-अस्सी घाट से लेकर दशाश्वमेध घाट तक की सफाई हुई है।
-बीते पांच वर्ष पुरुषार्थ के थे, आने वाले पांच वर्ष परिणाम के होंगे। बीते पांच वर्ष ईमानदारी के प्रयास के थे, आने वाले पांच वर्ष उन प्रयासों को विस्तार देने के होंगे।
-हम ऐसे काम भी कर रहे हैं जो हमारे विरोधियों को छोटे लगते थे। साफ-सफाई हो, शौचालय हो, सुलभ स्वास्थ्य सेवा हो, गैस कनेक्शन हो, बैंक अकाउंट हो, ये छोटे लगते हों लेकिन सोचें तो अनुभव करेंगे कि ये बड़े काम हैं।
-आज सामान्य व्यक्ति भी सरकार से सीधा संवाद कर रहा है। आज मंत्री-अधिकारी उसकी पहुंच में हैं।
-पहले पद्म सम्मान किसे किसे मिलता था पता ही नहीं चलता था, मैंने इसमें बदलाव किया, गांव-गांव से सुझाव मांगे, दुनिया ने देखा कि किस तरह लोगों को सम्मान से नवाजा गया। अटल जी और महामना जैसी शख्सियतों को भारत रत्न से सम्मानित करने का काम भी हमारी सरकार ने किया।
-मैं देश नहीं झुकने दूंगा। यहां का हर व्यक्ति मेरे लिए पूजनीय है। आप सभी की पूजा करने का, सेवा करने का मौका मिलना मेरा सौभाग्य है।
-आज एक बार फिर आपका आशीर्वाद लेने आया हूं। आपकी अनुमति हो तो कल मैं नामांकन भरूंगा। (मोदी-मोदी के नारे लगे) इसका मतलब आपने चुनाव संभाल लिया। आप सब नरेंद्र मोदी हैं।
-कल नामांकन भरने जाऊंगा और फिर आपका धन्यवाद करने आऊंगा। हर-हर महादेव, बहुत-बहुत धन्यवाद।
-पीएम मोदी ने की गंगा आरती।
-वाराणसी में दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती के लिए पहुंचे पीएम मोदी, अमित शाह, योगी आदित्यनाथ भी साथ।
-सेंट्रल एडमिनिस्ट्रेटिव ट्रिब्यूनल (कैट) ने 1996 बैच के आईएएस ऑफिसर मो. मोहसिन का चुनाव आयोग द्वारा किया गया निलंबन रद्द किया। मोहसिन ने रैली के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी के हेलीकॉप्टर की जांच की थी। सुनवाई तीन जून को होगी।
-कांग्रेस नेता राधाकृष्ण विखे पाटिल ने महाराष्ट्र विधानसभा में नेता विपक्ष के पद से इस्तीफा दिया।
-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रोड शो पौन दो घंटे से जारी है।
-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोड शो में जनता जय श्री राम के नारे लगा रही है। रोड शो को शुरू हुए एक घंटे से ज्यादा हो गया है। मोदी पर पुष्प वर्षा हो रही है। प्रधानमंत्री कल अपना नामांकन दाखिल करेंगे।
-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रोड शो अस्सी तिराहे की तरफ बढ़ रहा है। काफिला धीमी गति से आगे बढ़ रहा है। अभी तक पीएम मोदी का एक किलोमीटर का रोड शो हो चुका है।
-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोड शो की शुरुआत हो गई है। मोदी ने काले रंग की गाड़ी में बीएचयू गेट से अपने रोड शो की शुरूआत की है। वह 7 किलोमीटर लंबा रोड शो करेंगे। इससे पहले उन्होंने पंडित मदन मोहन मालवीय को श्रद्धांजलि दी। मोदी ने महामना को पुष्प चढ़ाए। प्रधानमंत्री ने अपने ट्वीट में जनता का आभार व्यक्त किया है। यह रोड शो दशाश्मेध घाट तक होगा।
-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बीएचयू पहुंच गए हैं। मोदी ने मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कुछ ही देर में वाराणसी पहुंचेंगे। कार्यकर्ताओं के बीच खासा उत्साह बना हुआ है। पीएम मोदी ने अपने ट्विटर पर हर-हर महादेव लिखा है। कार्यकर्ता गाजे-बाजे के साथ प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए तैयार हैं। पूरा वाराणसी मोदीमय हो गया है।
-कुछ ही देर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शोड शो शुरू होगा।
-पंजाब के आम आदमी पार्टी विधायक नजर सिंह कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। उन्होंने सूबे के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की मौजूदी में कांग्रेस ज्वॉइन की है।
-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि महापुरुष जाति के नाम से नहीं जाने जाते हैं। उन्होंने कहा कि महापुरुषों ने एक होकर भारत की आजादी के लिए लड़ाई लड़ी। हर किसी के दिल में मां भारती दिख रही थी। उस दौरान में सब आजादी के दीवाने थे। मोदी ने कहा कि आधे चुनाव के बाद विपक्ष का चेहरा उड़ा। इसलिए ईवीएम का राग छेड़ रहे हैं।
-यूपी के बांदा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली हो रही है। उन्होंने विपक्ष पर ईवीएम से छेड़छाड़ के आरोप पर निशाना साधा है। मोदी ने कहा कि पहले मुझे गाली देते थे अब ईवीएम को गाली देते हैं। मोदी ने कहा कि चुनाव में विपक्ष मोदी बट्टा सन्नाटा हाथ लगेगा। पीएम ने कहा कि विपक्ष मोदी के बहाने पूरे पिछड़े समाज को गाली दे रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि मेरी जाति का सर्टिफिकेट बांटा जा रहा है। विपक्ष जमीन से पूरी तरह से कट चुका है।
-उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को समाजवादी पार्टी पर आरोप लगाया कि उसने आजमगढ़ को 'आतंक का गढ़' बना दिया । योगी ने यहां भाजपा प्रत्याशी दिनेश लाल यादव निरहुआ के समर्थन में एक जनसभा में कहा, 'शिक्षा और साहित्य के कारण कभी आजमगढ़ का नाम जाना जाता था लेकिन समाजवादी पार्टी ने इसे आतंक का गढ़ बना दिया ।'
-बेगूसराय से सीपीआई प्रत्याशी कन्हैया कुमार का कहना है कि उन्हें पूरा विश्वास है कि जनता मुद्दों पर मतदान करेगी। उनका मुद्दा अच्छी सड़क, अस्पताल और यूनिवर्सिटी बनाना है।
-कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल विधानसभा उपचुनाव के लिए तीन प्रत्याशियों की एलान किया है। पार्टी ने अल्हाज मुजफ्फर हुसैन, रेजिना मुर्मू और ख्वाजा अहमद हुसैन के नाम की घोषणा की है। अल्हज हुसैन को इस्लामपुर, रेजिना मुर्मू को हबिलपुर और ख्वाजा अहमद को भटपारा से टिकट दिया गया है।
-भाजपा प्रत्याशी किरण खेर ने चंडीगढ़ से नामांकन भर दिया है। वहीं, आरजेडी प्रत्याशी और लालू प्रसाद यादव की बेटी मीसा भारती ने पाटलीपुत्र लोकसभा सीट से नामांकन दाखिल किया है।
-हिमाचल प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती के खिलाफ विवादित टिप्पणी को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी ने नोटिस जारी किया है। उन्होंने कहा था कि जो भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरफ अंगुली उठाएगा उसके हाथ काट दिए जाएंगे।
-चुनाव आयोग का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बनी फिल्म 'पीएम नरेंद्र मोदी' 19 मई तक रिलीज नहीं होनी चाहिए। फिल्म के रिलीज में देरी का मकसद निष्पक्ष लोकसभा चुनाव करना है।
-आरएलएसपी प्रमुख उप्रेंद्र कुशवाह ने दरभंगा से भाजपा पर हमला बोला है। उन्होंने भाजपा पर दोहरे चरित्र की पार्टी होने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि भाजपा अंदर से अलग और बाहर से अलग है। भाजपा के अंदर का चरित्र कुछ और बाहर का कुछ और है। इसके लिए उपेंद्र कुशवाह ने रामलीला का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि लोग रामलीला के चरित्रों को इज्जत देते हैं। पर्दा उठता है तो सीता की ड्रेस में सामने आए चरित्र के सामने लोग सिर झुकाते हैं लेकिन पर्दे के भीतर जाकर देखेंगे तो सीता जी सिगरेट पीते हुए दिख सकती हैं। यही भाजपा का चरित्र है।
- झांसी में रोड शो करेंगी प्रियंका गांधी।
-वाराणसी से कांग्रेस प्रत्याशी अजय राय का कहना है कि बाहर के रहने वाले काशी को समझने वाले नहीं है। उनका कहना है कि पिछली बार भी मजबूती से लड़ा था और इस बार भी मजबूती से लड़ूंगा।
- कांग्रेस ने वाराणसी से अजय राय को टिकट दिया है। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे। वहीं, गोरखपुर से पार्टी ने मधुसूदन तिवारी को टिकट दिया है। 2014 में भी अजय राय कांग्रेस के उम्मीदवार थे लेकिन चुनाव हार गए थे। इससे पहले तक वाराणसी से प्रियंका गांधी के पीएम मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ने के कयास लगाए जा रहे थे।
- आम आदमी पार्टी का कहना है कि दिल्ली की सातों सीटों पर पार्टी अकेले चुनाव लड़ेगी। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 'आप' का कांग्रेस से गठबंधन नहीं हो पाया है। दिल्ली के लिए 'आप' का घोषणापत्र जारी करते हुए सीएम केजरीवाल ने ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि 2019 का चुनाव टर्निंग प्वॉइंट है। केजरीवाल ने भाजपा पर जमकर हमला बोला और कहा कि भारतीय जनता पार्टी पाकिस्तान के एजेंडे को पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र में मोदी-शाह की जोड़ी को सरकार बनाने से रोकने के लिए उनकी पार्टी सबकुछ करेगी।
-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 मई को अयोध्या जाएंगे। वह अयोध्या में रैली करेंगे।
-चंडीगढ़ में अभिनेता अनुपम खेर ने अपनी पत्नी और भाजपा प्रत्याशी किरण खेर के लिए प्रचार किया। उनके साथ उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत भी मौजूद थे।
-काशी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोड शो का टाइम बदल गया है। अब प्रधानमंत्री का रोड शो 4:15 बजे होगा।
बिहार के दरभंदा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 'महामिलावट' करने वालों के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा कोई मुद्दा नहीं है। लेकिन भारत में यह बहुत बड़ा मुद्दा है। मोदी ने कहा कि यह नया भारत है जो आतंकी कैंप के भीतर जाएगा और उसे तबाह करेगा।
बिहार के दरभंगा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि ये देश में जो लहर चल रही है ये ललकार है। देश का युवा एनडीए पर विश्वास करता है। पीएम ने कहा कि कुछ लोगों को वंदे मातरम से आपत्ति है। लेकिन ये नहीं जानते कि वंदे मातरम हमारी शक्ति है। प्रधानमंत्री ने कहा कि जिनको भारत माता की जय से आपत्ति है उनकी जमानत जब्त होगी।
- केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का एक विवादित बयान सामने आया है। वो भी भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के सामने मंच से गिरिराज ने ये बयान दिया। एक खास वर्ग को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर तीन हाथ जगह चाहिए तो इस देश में वंदेमातरम गाना होगा और भारत माता की जय कहना होगा।
- रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने ममता बनर्जी पर हमला बोलते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस तुष्टीकरण, माफिया और करप्शन की पार्टी बन गयी है। उन्होंने आरोप लगाया कि "सोनार बांग्ला' में थाईलैंड का सोना पहुंच रहा है। सीतारमण बुधवार को पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत खड़गपुर के धनसिंह मैदान की जनसभा को संबोधित करते हुए बोल रही थीं।
-भाजपा अध्यक्ष अमित शाह गाजीपुर, उन्नाव और औरैया में चुनावी रैलियां करेंगे।
-वाराणसी पहुंचने से पहले पीएम मोदी बिहार के दरभंगा और उत्तर प्रदेश के बांदा में जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दो दिन के दौरे पर रहेंगे। आज दोपहर वो रोड शो करेंगे और शाम को गंगा आरती में हिस्सा लेंगे। पीएम मोदी कल सुबह करीब 11.30 बजे अपना नामांकन दाखिल करेंगे।