लोकसभा चुनाव 2019 की लड़ाई महासंग्राम में बदल चुकी है। चुनाव तारीखों का एलान होते ही गहमागहमी बढ़ गई है और राजनीतिक पार्टियां लगातार रैलियां, बैठकें, सम्मेलन और जनसभाएं कर रही हैं। दिनभर की चुनावी हलचल:
-द्रमुक-कांग्रेस गठबंधन पर प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार का नाम घोषित नहीं करने के लिये निशाना साधते हुए अन्नाद्रमुक के शीर्ष नेता और मुख्यमंत्री के पलानीस्वामी ने कहा कि विपक्षी खेमे की हालत सिर विहीन शरीर की तरह है। पलानीस्वामी ने कहा कि अच्छे नेता के तहत सिर्फ कोई स्थिर सरकार ही सुशासन दे सकती है और 130 करोड़ लोगों की सुरक्षा और शांति सुनिश्चित कर सकती है। इस मामले में भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उपयुक्त हैं। तमिलनाडु में अन्नाद्रमुक नीत गठबंधन में भाजपा, पीएमके, डीएमडीके और पुथिया तमिझगम शामिल हैं।
- मेरठ में तैनात रहीं इनकम टैक्स विभाग की मुख्य कमिश्नर प्रीता हरित राज बब्बर की मौजूदगी में कांग्रेस में शामिल हुईं।
-त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब नेकांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस ‘गद्दारों’ की पार्टी है और इनके नेता ‘सफलता का फल खाने ही’ सिर्फ राज्य में आते हैं। देब ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और माकपा के बीच ‘अपवित्र गठबंधन’ था, इसी वजह से वाम मोर्चा त्रिपुरा में 25 साल तक सरकार में रही। प्रतापगढ़ में भाजपा के कार्यकर्ताओं की एक बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ये (कांग्रेस) गद्दार हैं। इस पार्टी से पहले राहुल गांधी, सोनिया गांधी या मनमोहन सिंह कोई भी राज्य में नहीं आया। जब हमने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सहयोग से राज्य को वामपंथी शासन से मुक्त कराया तो वे यहां क्यों आ रहे हैं? ये लोग शैतानों के झुंड हैं। ये लोग सिर्फ सफलता का फल खाने आते हैं।
-सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और इंटरनेट एंड मोबाइल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (IAMAI) ने चुनाव आयोग के समक्ष 2019 लोकसभा चुनाव के लिए 'वालंटरी कोड ऑफ एथिक्स' पेश किया। पेड राजनीतिक विज्ञापन में पारदर्शिता बरतने का किया वादा।
- एनसीपी सांसद रंजीतसिंह भाजपा में शामिल, कहा- पार्टी जो भी फैसला करेगी मानूंगा।
-पीएम नरेंद्र मोदी भाजपा चुनाव समिति की बैठक में पहुंचे।
-दिल्ली में भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक। सुषमा स्वराज, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ सहित कई नेता भाजपा दफ्तर पहुंचे।
-महाराष्ट्र: चंद्रपुर से शिवसेना विधायक सुरेश धनोरकर ने पार्टी से इस्तीफा दिया।
-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 लाख चौकीदारों के साथ ऑडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए की बात। कांग्रेस के 'चौकीदार चोर है' पर पीएम मोदी ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा, "मैं चोर कहे जाने पर सभी चौकीदारों से माफी मांगता हूं। आज चौकीदार शब्द देशभक्ति का पर्याय बन गया है। कामदारों का अपमान करना, नामदारों की आदत है। मैं गाली को गहना बना लेता हूं।"
-वाराणसी में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने सीधे प्रधानमंत्री मोदी पर हल्ला बोला। प्रियंका ने भाजपा का 2014 का घोषणापत्र दिखाते हुए पूछा, "इसमें 8 वादे किए मोदीजी ने, इसमें से एक भी पूरा हुआ कि नहीं? एक भी नहीं। ये प्रचार की राजनीति सरल है, कोई भी कर सकता है।"
-नीरव मोदी की गिरफ्तारी पर कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा है कि भाजपा ने ही उसे देश से भगाने में मदद की थी। अब वो उसे वापस ला रहे हैं। अब वो उसे चुनाव की वजह से वापस ला रहे हैं। चुनाव बाद वो उसे वापस भेज देंगे।
-ओडिशा के दासपाला से बीजू जनता दल के मौजूदा विधायक पूर्णचंद्र नायक ने पार्टी से इस्तीफा दिया।
-जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस के साथ गठबंधन के सवाल पर नेशनल कॉन्फ्रेंस नेता फारुक अब्दुल्ला ने कहा कि मैं श्रीनगर से चुनाव लड़ूंगा और अनंतनाग और बारामूला में नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस के बीच दोस्ताना मुकाबला रहेगा। हम लद्दाख सीट पर भी बात कर रहे हैं। कांग्रेस के गुलाम नबी आजाद ने इसी बात को आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि दोस्ताना मुकाबले का मतलब है कि दो सीटों पर हमारे बीच गलाकाट प्रतिस्पर्धा नहीं होगी। कांग्रेस जीते या नेशनल कॉन्फ्रेंस, हमारे लिए दोनों ही हालात ठीक हैं।
-बसपा नेता चंद्रप्रकाश मिश्रा ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और स्मृति ईरानी की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ली। वह यूपी के मटियारी से विधायक हैं।
-पूर्व एनसीपी सांसद रंजीत सिंह मोहिते पाटिल भाजपा में शामिल हो गए हैं। रंजीत, पूर्व उपमुख्यमंत्री विजय सिंह मोहिते के बेटे हैं।
-राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने बिहार में महागठबंधन को लेकर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन में कोई टूट नहीं है और होली के बाद उम्मीदवारों का एलान कर दिया जाएगा। चिंता की कोई बात नहीं है। गठबंधन में सब ठीक है।
-कर्नाटक की मांड्या लोकसभा सीट से सुमनलता अंबरीश ने निर्दलीय नामांकन दाखिल कर दिया है।
-गोवा में भाजपा की प्रमोद सावंत सरकार ने बहुमत साबित कर दिया। परिकर के निधन के बाद सावंत ने कमान संभाली थी।
-मणिपुर में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा, "मैं आपसे वादा करता हूं कि कांग्रेस आपकी संस्कृति और इतिहास को बचाएगी। हम नागरिकता संशोधन विधेयक को पास नहीं होने देंगे।"
-बसपा प्रमुख मायावती ने एलान किया है कि वो लोकसभा का चुनाव नहीं लड़ेंगी।
-लोकतांत्रिक जनता दल अध्यक्ष शरद यादव ने बताया कि बिहार में महागठबंधन की प्रेस कॉन्फ्रेंस 22 मार्च को होगी जिसमें सीट बंटवारे के एलान किया जाएगा।
-ओडिशा के मुख्यमंत्री और बीजू जनता दल अध्यक्ष नवीन पटनायक ने हिंजली विधानसभा क्षेत्र से नामांकन दाखिल कर दिया है।
-सदन में विश्वासमत से पहले प्रमोद सावंत ने कहा कि उन्हें 100 फीसदी भरोसा है कि वो बहुमत साबित कर लेंगे।
-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वंशवाद की राजनीति वाले ब्लॉग पर कांग्रेस ने पलटवार किया है। प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा पिछले पांच सालों से संस्थाओं को अपने तरीके से चला रही है। हमें जितना प्रताड़ित करेंगे हम उतनी जोर से लड़ेंगे। हम डरने वाले नहीं हैं ।
-प्रियंका गांधी के अलावा कांग्रेस के नेता तारिक अनवर ने भी पीएम मोदी पर पलटवार किया है। तरिक ने कहा कि वो शायद इसलिए एसा बोल रहे हैं क्योंकि उनका कोई वंश ही नहीं है। पूरी दुनिया में अपने वंश को आगे बढ़ाया जाता है। राजनीति हो या कोई और पेशा सब में वंश को आगे बढ़ाया जाता है। पीएम मोदी को अपना वंश ही नहीं बढ़ाना है इसीलिए वो एसा बोल रहे हैं।
-नेशनल पीपुल्स पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव थॉमस संगमा ने भाजपा छोड़कर एनपीपी में शामिल हुए नेताओं का स्वागत किया। थॉमस ने कहा मुझे 8 विधायकों और मंत्रियों का हमारी पार्टी में स्वागत करते हुए मुझे खुशी हो रही है। नेशनल पीपुल्स पार्टी किसी के साथ गठबंधन नहीं करेगी। भाजपा की विचारधारा सही नहीं है। वह धर्मनिरपेक्ष पार्टी नहीं है
-पीएम मोदी ने कांग्रेस पर संस्थाओं को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है। पीएम ने कहा वंशवाद की राजनीति से सबसे अधिक नुकसान संस्थाओं को हुआ है।
-आगामी लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामों के लिए भाजपा ने मंगलवार देर रात तक दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में केंद्रीय चुनाव समिति की अहम बैठक की। बताया जा रहा है कि आज भाजपा अपनी लिस्ट जारी कर सकती है।
-आगामी चुनाव से पहले भाजपा को अरुणाचल प्रदेश में बड़ा झटका लगा है। एक रिपोर्ट के मुताबिक अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के दो मंत्री और 12 विधायक मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा की नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) में शामिल हो गये।