छठे चरण में सात राज्यों की 59 सीटों पर मतदान के साथ अब तक कुल 483 सीटों पर मतदान संपन्न हो चुका है। सातवें और आखिरी चरण के चुनाव में महज दो दिन और शेष रह गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी की ताबड़तोड़ रैलियां जारी हैं। वहीं दूसरी ओर महागठबंधन, सपा-बसपा गठबंधन समेत हर छोटे बड़े दल जनसभाओं और जनसंपर्क कार्यक्रम में लगे हैं। आपको दिनभर की चुनावी हलचल की हर अहम जानकारी यहां मिलेगी।
-चुनाव आयोग ने साध्वी प्रज्ञा ठाकुर के नाथूराम गोडसे पर दिए बयान को लेकर चुनाव अधिकारी से रिपोर्ट मांगी।
प. बंगाल: चुनाव आयोग ने डायमंड हार्बर के एसडपीओ मिथुन कुमार डे और एमहर्स्ट स्ट्रीट के ऑफिस इंचार्ज कौशिक दास को तुरंत प्रभाव से चुनाव के काम से हटाया। दोनों को चुनाव से जुड़ा कोई काम नहीं दिया जाएगा।
-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के दमदम में कहा- 'दीदी' कान खोलकर सुन लो यह पश्चिम बंगाल आपकी और आपके भतीजे की जागीर नहीं है। मोदी ने कहा कि दीदी यह बात दोबारा सुन लो। यह मां भारती का एक अटूट अंग है। मोदी ने कहा कि अगर दीदी आप अपने आंख की पट्टी खोलेंगी तो आपको एक भारत और श्रेष्ट भारत दिखेगा। मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में राम भक्त डर-डरकर जीने को मजबूर हैं। जय श्रीराम बोलने पर बंगाल के लोगों को जेल में डाला जा रहा है। पश्चिम बंगाल को नुकसान पहुंचाने वाले अब नहीं बचेंगे।
-चुनाव आयोग ने आंध्र प्रदेश की चंद्रागिरी और चित्तूर विधानसभाओं में 11 अप्रैल को 5 मतदान केंद्रों पर हुई वोटिंग को रद्द घोषित कर दिया है। अब इन केंद्रों पर 19 मई को पुनर्मतदान होगा।
-गोरखपुर में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने उम्मीदवार रवि किशन के समर्थन के रोड शो निकाला। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी रहे मौजूद।
-पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार की मियाद घटने के मुद्दे पर कांग्रेस का एक शिष्टमंडल चुनाव आयोग पहुंचा। मुलाकात के बाद कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि वो इस मामले में आयोग के जवाब से संतुष्ट नहीं हैं।
-मध्यप्रदेश भाजपा के मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पाराशर के मुताबिक, साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने गोडसे वाले बयान को लेकर माफी मांग ली है।
-मथुरापुर में ममता पर बरसे मोदी: "दीदी बंगाल के बच्चों और बंगाल की बेटियों को बात-बात में जेल भेज देती हैं। लेकिन घुसपैठियों और तस्करों को उन्होंने खुली छूट दे रखी है।"
-दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा, उन्होंने (चुनाव आयोग) मोदी जी की रैलियों की इजाजत दी और इसके बाद चुनाव प्रचार खत्म करने का आदेश दिया। इससे साबित होता है कि चुनाव आयोग पूरी तरह पक्षपाती हो गया है। ये देश के लिए खतरनाक है।
-ममता बनर्जी ने कोलकाता में फिर निकाला मार्च। ममता से नेताओं, मंत्रियों और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़। तमाम नेता गले पर ईश्वर चंद्र विद्यासागर की फोटो लगाए हुए हैं। ममता ने कहा कि हमारी सभाओं को क्यों निरस्त कर दिया गया? क्या सिर्फ पीएम को ही रैलियां करने का अधिकार है? क्या चुनाव आयोग जो कहेगा वही होगा?
बता दें कि चुनाव आयोग ने चुनाव प्रचार के दौरान हिंसा को देखते हुए यहां प्रचार का समय एक दिन कम कर दिया है। इसे लेकर ममता चुनाव आयोग और भाजपा, पीएम मोदी और अमित शाह पर हमलावर हैं। यहां चुनाव प्रचार आज रात 10 बजे ही खत्म हो जाएगा। मतदान 19 मई को होगा।
-अमृतसर में गुरदासपुर से भाजपा उम्मीदवार सनी देओल का रोड शो। पंजाब की सभी 13 सीटों पर आखिरी चरण में 19 मई को मतदान होगा।
-
गोडसे को देशभक्त बताने पर सियासी बवाल
मध्यप्रदेश के भोपाल से भाजपा उम्मीदवार साध्वी प्रज्ञा के नाथूराम गोडसे को देशभक्त बताए जाने के मामले ने सियासी भूचाल ला दिया। कांग्रेस ने प्रज्ञा के इस बयान को शर्मनाक बताया है। वहीं, भाजपा ने भी प्रज्ञा के इस बयान से किनारा कर लिया है। भाजपा प्रवक्ता जीवीएल नरसिम्हा राव ने कहा कि साध्वी के बयान से भाजपा इत्तेफाक नहीं रखती है। ऐसे बयान के लिए उन्हें सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए।
-बंगाल के डायमंड हार्बर में ममता ने मोदी पर नया निशाना साधते हुए कहा, "पिछले पांच साल में आप (पीएम मोदी) राम मंदिर नहीं बना पाए और विद्यासागर की मूर्ति बनाने की बात करते हो। बंगाल के लोग आपके सामने भीख नहीं मांगेंगे। आपके गुंडे नेता यहां आए बोले, बंगाल कंगाल है। क्या बंगाली कंगाल हैं, क्या बंगाली कंगाल हैं?"
ममता ने मौजूद जनता से 'चौकीदार चोर है' के नारे लगवाए।
-उत्तर प्रदेश के महाराजगंज में प्रियंका गांधी वाड्रा: प्रधानमंत्री ने कहा कि वो खुद आपके खाते में 15 लाख डालेंगे और उसी पार्टी के अध्यक्ष चुनाव के बाद कहते हैं कि ये एक 'चुनावी जुमला' था। क्या आप उन पर फिर भरोसा करेंगे?
-कमल हासन के गोडसे पर दिए बयान पर जब साध्वी प्रज्ञा ठाकुर से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, "नाथूराम गोडसे देशभक्त थे, देशभक्त हैं और देशभक्त रहेंगे। उन्हें आतंकवादी कहने वाले लोग अपने गिरेबान में झांकें। इस चुनाव में ऐसे लोगों को जवाब दे दिया जाएगा।"
-भाजपा नेता और बेगूसराय से उम्मीदवार गिरिराज सिंह ने ममता बनर्जी पर हल्ला बोलते हुए कहा कि उन्होंने बंगाल को लंका में बदल दिया है।
-बसपा अध्यक्ष मायावती ने पीएम के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में कहा कि मोदी ने पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी को परेशान कर रखा है। प्रधानमंत्री पहले अपनी पत्नी का सम्मान करें, फिर महिला सम्मान की बात करें।
-मथुरापुर में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी: बीती रात हमें पता लगा कि भाजपा ने चुनाव आयोग में शिकायत दी है ताकि नरेंद्र मोदी की जनसभा के बाद हम कोई जनसभा न कर सकें। चुनाव आयोग, भाजपा का भाई है। पहले ये एक निष्पक्ष संस्था थी। अब हर कोई कहता है कि चुनाव आयोग को भाजपा ने खरीद लिया है। मैं दुखी हूं लेकिन मुझे कुछ नहीं कहना। मैं जेल जाने के लिए तैयार हूं। लेकिन सच कहने से नहीं डरती। वो (पीएम मोदी) कहते हैं कि विद्यासागर की मूर्ति बनाएंगे। बंगाल के पास मूर्ति बनाने के लिए पैसा है। क्या वो 200 साल पुरानी विरासत वापस दे सकते हैं? हमारे पास सुबूत है और आप कहते हो टीएमसी ने किया। क्या आपको शर्म नहीं आती? उन्हें इतना झूठ बोलने के लिए उठक बैठक करना चाहिए। आरोपों के सुबूत दें वरना हम आपको जेल में डाल देंगे।
-चंदौली में पीएम नरेंद्र मोदी: 8, 10, 20-22, 30-35 सीट वाले प्रधानमंत्री बनने के बारे में सोच रहे हैं। लेकिन देश कह रहा है- फिर एक बार मोदी सरकार।
-पश्चिम बंगाल में हुई हिंसा को लेकर भाजपा का प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को चुनाव आयोग से मिला। भाजपा नेताओं ने आयोग से कहा कि अभी जो कार्रवाई की गई है, वह कम है। बंगाल में हिंसा लगातार बढ़ रही है। भाजपा ने मांग की कि टीएमसी के उपद्रवी तत्वों को हिरासत में लिया जाए।
-ममता बनर्जी ने उनके साथ खड़े होने के लिए मायावती, अखिलेश, कांग्रेस और चंद्रबाबू नायडू का ट्वीट कर आभार जताया है। उन्होंने लिखा, "बंगाल की जनता के साथ खड़ा होने के लिए आप सबका आभार। भाजपा के निर्देश में चुनाव आयोग का पक्षपातपूर्ण रवैया लोकतंत्र पर हमला है। लोग इसका कड़ा जवाब देंगे।"
-अलवर रेप कांड पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि वह पीड़ित परिवार से मिले हैं। यह उनके लिए कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं है। मैंने जैसे इस घटना के बारे में सुना, सीएम अशोक गहलोत से बात की। दोषियों को नहीं बख्शा जाएगा। पीड़ित परिवार को न्याय मिलेगा।
-उत्तर प्रदेश के मऊ में पीएम मोदी ने अखिलेश और मायावती पर निशाना साधते हुए कहा कि हमारी सरकार गरीबों के लिए काम करती है, जबकि बुआ-बबुआ गरीबों से कोसों दूर हैं। बुआ-बबुआ ने बंगले बनवाए और गरीबों से दूर हो गए। अब बुआ हो या बबुआ हो, इन लोगों ने खुद को गरीबों से इतना दूर कर लिया है, इन्होने अपने आसपास पैसे की, वैभव की और अपने दरबारियों की इतनी बड़ी दीवार खड़ी कर ली है की अब इन्हें गरीबों का दुःख नजर नहीं आता।
-बंगाल में चुनाव प्रचार पर रोक लगाए जाने को लेकर बसपा के बाद कांग्रेस ने भी चुनाव आयोग पर निशाना साधा है। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि आयोग केंद्र सरकार के दबाव में काम कर रहा है। आयोग निष्पक्षता के लिए जाना जाता है, लेकिन बंगाल में पीएम मोदी की रैली का ध्यान रखा।
-पश्चिम बंगाल में हुई हिंसा के बाद ममता बनर्जी को बसपा प्रमुख मायावती का साथ मिला है। मायावती ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि भाजपा की वजह से बंगाल में हिंसा हुई। चुनाव आयोग ने पीएम मोदी और भाजपा के दबाव में फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि आज पीएम मोदी की दो रैलियां होनी है और इसे देखते हुए इन रैलियों के बाद ही चुनाव प्रचार रुकेगा।
-
चंडीगढ़:
बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर ने अपनी पत्नी और भाजपा उम्मीदवार किरण खेर के लिए चुनाव प्रचार अभियान में हिस्सा लिया। उन्होंने मनिमाजरा के शिवालिक पार्क में लोगों से किरण के पक्ष में वोट करने की अपील की।
-कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी गुरुवार को पार्टी उम्मीदवार शत्रुघ्न सिन्हा और पाटलिपुत्र से राजद उम्मीदवार मीसा भारती के समर्थन में पटना में रैली करेंगे। विक्रम में वह साढ़े तीन बजे मीसा के लिए सभा को संबोधित करेंगे। राहुल गांधी का रोड शो साढ़े चार बजे सिन्हा के लिए मोइनुलहक स्टेडियम से शुरू होकर नाला रोड चौराहे पर खत्म होगा। शत्रुघ्न सिन्हा कांग्रेस के टिकट पर पटना साहिब से जबकि लालू प्रसाद यादव की बड़ी बेटी मीसा भारती पाटलिपुत्र से चुनाव लड़ रही हैं।
-उत्तर प्रदेश के वाराणसी में एसपी अध्यक्ष अखिलेश यादव और बीएसपी प्रमुख मायावती की साझा रैली होगी। दोनों नेता यहां गठबंधन प्रत्याशी के समर्थन में और पीएम मोदी के विरोध में रैली करेंगे। बुधवार को यहां कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी रोड शो किया था।
-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में पांच जनसभाएं करेंगे। उत्तर प्रदेश के मऊ, मिर्जापुर और चंदौली में पीएम मोदी की रैली होगी। वहीं पश्चिम बंगाल के मथुरापुर और दमदम में भी पीएम जनसभा को संबोधित करेंगे।