छठे चरण में सात राज्यों की 59 सीटों पर मतदान के साथ अब तक कुल 483 सीटों पर मतदान संपन्न हो चुका है। सातवें और आखिरी चरण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी की ताबड़तोड़ रैलियां भी चल रही हैं। वहीं दूसरी ओर महागठबंधन, सपा-बसपा गठबंधन समेत हर छोटे बड़े दल जनसभाओं और जनसंपर्क कार्यक्रम में लगे हैं। आपको दिनभर की चुनावी हलचल की हर अहम जानकारी यहां मिलेगी।
कांग्रेस में आंतरिक असंतोष: इंदौर कांग्रेस सचिव व मप्र कांग्रेस कमेटी के सदस्य ललित जैन ने कहा- मेरे द्वारा इंदौर लोकसभा सीट का कांग्रेस का विजन डॉक्यूमेंट पूर्ण रूप से बनाने के बाद भी उसके लॉन्चिंग में मुझे खबर तक नही की गई, जिसको लेकर में बहुत आहत हूं। आज कांग्रेस पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा देता हूं, मैं सामान्य कार्यकर्ता के रूप में कार्य करता रहूंगा।
-कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने लुधियाना में ट्रैक्टर चलाया। उनके साथ सूबे के मुख्यमंत्री अमरेंदर सिंह भी मौजूद थे
-प्रकाश जावड़ेकर ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की पश्चिम बंगाल रैली में हिंसा को लेकर उपराष्ट्रपति से मुलाकात की और उसके बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा- राज्यसभा सदस्यों को सुरक्षा देने की जिम्मेदारी सदन की है। इसे लेकर हमने उप-राष्ट्रपति को मेमोरेंडम दिया है। इसमें उचित कार्रवाई की मांग की है।
-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में कहा कि यकीन मानिए, इस बार दीदी के भतीजे अभिषेक बनर्जी का डब्बा गोल है। चुनाव नतीजे आने के बाद भतीजे के ऑफिस पर 'घुसपैठिया ताला' भी लग जाने वाला है। अभिषेक बनर्जी डायमंड हार्बर से टीएमसी प्रत्याशी हैं।
-काशी में प्रियंका का रोड शो
-बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोलकाता के बेलियाघाट से श्याम बाजार तक पैदल मार्च किया।
-हिमाचल के पालमपुर में स्मृति ईरानी: आप भाग्यशाली हैं कि 'जय श्रीराम' कहने पर आपको गिरफ्तार नहीं किया जाता। भारत में आज एक राज्य ऐसा है जहां आम नागरिक 'जय श्रीराम' कहता है तो कांग्रेस के सहयोगी उसे पकड़कर जेल में डाल देते हैं।
-कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस में उस वक्त हंगामा हो गया जब प्रवक्ता पवन खेड़ा ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का असली नाम ले लिया। इस पर एक व्यक्ति भड़क गया। उसने खेड़ा को रोकते हुए मंच के आगे तिरंगा लहराया और कहा, "योगी आदित्यनाथ को अजय सिंह बिष्ट कहना भारतीय संस्कृति का अपमान है। वंदे मातरम, भारत माता की जय।"
-बंगाल के बशीरहाट में नरेंद्र मोदी: ममता दीदी ने दो दिन पहले सार्वजनिक तौर पर एलान किया था कि वो बदला लेंगी। उन्होंने 24 घंटे के अंदर अपना एजेंडा पूरा किया। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के रोड शो पर हमला किया गया। दीदी, आप खुद आर्टिस्ट हो। आपसे आग्रह करूंगा, आप मेरा भद्दे से भद्दा चित्र बनाइए और 23 मई के बाद मेरी पीएम शपथ के बाद मेरी जो तस्वीर आपने बनाई है वो मुझे भेंट करें। मैं आप पर एफआईआर नहीं करूंगा।
-भाजपा नेता तेजेंद्र पाल सिंह बग्गा ने टीएमसी के आरोपों पर कहा कि डेरेक ओ ब्रायन को कोई गंभीरता से नहीं लेता है। मैं चैलेंज करता हूं, अगर उन्होंने ये साबित कर दिया कि मैं हिंसा स्थल के 500 मीटर के दायरे में भी रहा था, तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा और नहीं साबित हुआ तो वे राजनीति छोड़ दें।
-उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पश्चिम बंगाल के बारासात में कहा कि टीएमसी जिनको समर्थन कर रही है वही लोग मूर्ति पूजा को नहीं मानते हैं। टीएमसी के गुंडों ने ही ईश्वरचंद विद्यासागर की मूर्ति को तोड़ा। ये लोग जय श्री राम के नारे पर भी रोक लगा रहे हैं, इन्हें दुर्गा पूजा और सरस्वती पूजा करने से दिक्कत है। मैंने यूपी में पूजा का समय नहीं बदला लेकिन मोहर्रम-ताजिया के जुलूस का समय बदलवा दिया था।
-तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच अमित शाह के रोड शो को लेकर वार-पलटवार का खेल जारी है। तृणमूल के प्रवक्ता डेरेक ओ ब्रायन ने आरोप लगाया है कि अमित शाह बाहर से गुंडे लेकर बंगाल आए।
-कोलकाता में मंगलवार को अमित शाह के रोड शो के दौरान हुई हिंसा के बीच ईश्वरचंद विद्यासागर की मूर्ति तोड़े जाने पर लोगों का विरोध प्रदर्शन जारी है। वामदलों के विरोध के बाद अब तृणमूल कांग्रेस(टीएमसी) का छात्र विंग सड़कों पर उतरा है।
-कोलकाता में बुधवार को होने वाली सीएम योगी आदित्यनाथ की रैली रद्द कर दी गई है। भाजपा नेता राहुल सिन्हा ने आरोप लगाया कि मंगलवार को मंच तैयार किया जा रहा था, मजदूर काम कर रहे थे, इस दौरान उन्हें पीटा गया और वे डर कर भाग गए। मंच पूरी तरह से नष्ट कर दिया गया, जिसे ठीक नहीं किया जा सकता। ऐसे में दोपहर दो बजे से होनेवाली रैली रद्द करनी पड़ी।
-कोलकाता में मंगलवार को अमित शाह के रोड शो के दौरान हुई हिंसा के बीच ईश्वरचंद विद्यासागर की मूर्ति तोड़े जाने पर लोगों का विरोध प्रदर्शन जारी है। कोलकाता में वामदल के नेता, कार्यकर्ता और समर्थक सड़क पर उतर आए हैं और विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
-कोलकाता में अमित शाह के रोड शो के दौरान हुई आगजनी और बवाल के विरोध में दिल्ली के जंतर मंतर पर भाजपा नेताओं ने प्रदर्शन किया।
-पश्चिम बंगाल में हिंसा के लिए टीएमसी ने भाजपा को जिम्मेदार ठहराया है। डेरेक ओ ब्रायन ने अपने ट्विटर एकाउंट पर एक के बाद एक, तीन वीडियो जारी कर भाजपा पर हिंसा के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। वहीं, कोलकाता में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराए जाने की खबर है।
-कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी आज वाराणसी में रोड शो करेंगी। वह लंका स्थित मालवीय प्रतिमा पर माल्यार्पण कर गोदौलिया तक रोड शो करेंगी। इसके बाद वह काशी विश्वनाथ और शहर कोतवाल काल भैरव का आशीर्वाद लेकर दिल्ली रवाना हो जाएंगी।
यहां पढ़ें पूरी खबर
-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में रैलियां करेंगे। बिहार के पालीगंज में सुबह 10:30 बजे, दोपहर 12:30 बजे झारखंड के देवघर(वैद्यनाथ धाम) में वह रैली करेंगे। दोपहर बाद वह पश्चिम बंगाल के बसीरहाट और डायमंड हार्बर में जनसभाएं करेंगे। वहीं दूसरी ओर, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह मध्यप्रदेश के धार और अलीराजपुर में रैलियां करेंगे।
-झारखंड:
भाजपा के चुनाव प्रचार के लिए राजमहल गईं रांची की मेयर आशा लकड़ा ने झामुमो कार्यकर्ताओं पर हमला करने का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि पाकुड़िया प्रखंड के कुलहिंदरी पंचायत के मोहनपुर गांव में लाठी-डंडे से लैस झामुमो के कार्यकर्ताओं ने उनपर उस वक्त हमला बोल दिया जब वह ग्रामीणों के साथ बैठक कर रही थीं। भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें किसी तरह हमलावरों के चंगुल से बाहर निकाला। आशा लकड़ा के मुताबिक हमलावर गाड़ी जलाना चाहते थे।
-पश्चिम बंगाल में अमित शाह की रैली से पहले शुरू हुए बवाल और फिर रोड शो के दौरान हुए हिंसा के बाद सियासत तेज हो गई है। भाजपा इसके लिए ममता सरकार पर आरोप लगा रही है, तो वहीं सीएम ममता बनर्जी ने भाजपा पर गुंडागर्दी का आरोप लगाया है। भाजपा ने चुनाव आयोग से हिंसा की शिकायत करते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
-कोलकाता में अमित शाह के रोड शो के दौरान हिंसा को लेकर महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फड़णवीस ने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह अपनी हार से डरी हुई हैं, इसलिए वह लोकतंत्र की हत्या कर रही हैं। वह नहीं चाहतीं कि उनके खिलाफ एक भी चुनावी प्रचार अभियान हो। उन्होंने चुनाव आयोग से स्वच्छ और निष्पक्ष मतदान संपन्न कराने की मांग की है।