मुद्दे क्या हैं?
पूर्वी दिल्ली में गाजीपुर का कूड़े का पहाड़ और साफ-सफाई सबसे बड़ी समस्या है। वाहनों की पार्किंग की सही व्यवस्था न हो पाने से लोगों को लगातार जाम का सामना करना पड़ता है। पूर्व मेयर और भाजपा प्रत्याशी हर्ष मल्होत्रा ने जनता से वादा किया है कि वे सांसद के रूप में चुनकर आने के बाद इस कूड़े के पहाड़ को समाप्त करने के लिए काम करेंगे। जगह-जगह पर पार्किंग, साफ-सफाई और सार्वजनिक सुविधाओं को विकसित किया जाएगा। कुलदीप कुमार आम आदमी पार्टी की योजनाओं के दम पर लोगों से वोट मांग रहे हैं।
कहां कौन मजबूत?
पूर्वी दिल्ली में दस विधानसभा सीटें आती हैं। इनमें तीन सीटों (लक्ष्मी नगर, विश्वास नगर और गांधीनगर) में भाजपा ने जीत हासिल की थी। इन इलाकों में भाजपा अभी भी बहुत मजबूत है। कृष्णा नगर, पटपड़गंज और शाहदरा विधानसभा क्षेत्र में भी भाजपा मजबूत मानी जाती है। सात सीटों पर आम आदमी पार्टी ने जीत हासिल की थी। लेकिन लोकसभा चुनावों में कई इलाकों का समीकरण स्थानीय कारणों से काफी हद तक पलट जाता है।
त्रिलोकपुरी, ओखला और कोंडली विधानसभा क्षेत्र को आम आदमी पार्टी के गढ़ के तौर पर देखा जाता है, लेकिन लोकसभा चुनावों में यहां भी भाजपा को काफी वोट मिलते हैं। इसका कारण रहा है कि त्रिलोकपुरी और कोंडली के इलाके में कई बार सांप्रदायिक तनाव चरम पर पहुंच जाता है। इन दंगों में कुछ लोगों को अपनी जान भी गंवानी पड़ी है। यदि इस बार भी मतदान का ट्रेंड ऐसा ही रहा तो भाजपा को बढ़त मिल सकती है। लेकिन इस बार संविधान के नाम पर दलित समुदाय के मतदाताओं का आम आदमी पार्टी के साथ एकजुट होने का दावा किया जा रहा है।
मोदी के हाथ देश का विकास
लक्ष्मी नगर के सोहन कुमार ने अमर उजाला से कहा कि उनके लिए राष्ट्र की सुरक्षा सबसे बड़ा मुद्दा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों में देश सुरक्षित है। उनके नेतृत्व में देश लगातार आगे बढ़ रहा है। जिस समय दुनिया की बड़ी-बड़ी अर्थव्यवस्थाएं चरमरा रही हैं, भारत देश दुनिया की सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बन रहा है। वे चाहते हैं कि देश आगे भी बढ़ता रहे और इसलिए वे भाजपा का समर्थन करते हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह पूरे देश का विकास हो रहा है, पिछले दस सालों में दिल्ली का भी विकास हुआ है। वे इसी तरह देश और दिल्ली का विकास होते हुए देखना चाहते हैं, इसलिए वे भाजपा का समर्थन कर रहे हैं।
महिलाओं को ताकतवर बनाते हैं मोदी
ममता उपाध्याय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार महिलाओं को सशक्त करने का काम किया है। मोदी सरकार ने ही महिलाओं को वायु सेना और नेवी में नौकरी देने के लायक नियम-कानून बनाया है। उन्होंने महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए संसद में आरक्षण दिया है और लखपति दीदी योजना, जनधन योजना और महिलाओं के नाम पर प्रधानमंत्री आवास की रजिस्ट्री कराने पर ज्यादा छूट देकर महिलाओं का सम्मान किया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए नरेंद्र मोदी को ताकतवर होना आवश्यक है।
अल्पसंख्यकों को धर्म के नाम पर उलझती हैं आप और कांग्रेस
शाहीन बाग में सीएए कानून विरोधी आंदोलन ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियां बटोरी थीं। शहजाद अली इसकी अगुवाई करने वालों में प्रमुख थे। लेकिन अब वे भाजपा में शामिल हो चुके हैं। जो कभी केंद्र सरकार की आलोचना कर रहे थे, आज मुसलमानों को भाजपा को वोट देने की अपील कर रहे हैं। शहजाद अली का आरोप है कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी मुसलमानों को धर्म के नाम पर बरगलाने का प्रयास कर रही हैं, जबकि मुसलमानों को शिक्षा-रोजगार के काम पर वोट करना चाहिए। उनका आरोप है कि पूरे ओखला क्षेत्र में पीने के पानी की गंभीर समस्या है, लेकिन आम आदमी पार्टी दस सालों में यहां साफ पानी तक नहीं पहुंचा सकी है।
चुनावी जुमला बोल रहे प्रधानमंत्री
ओखला निवासी समाजसेवी और पत्रकार कबीर सिद्दीकी ने अमर उजाला से कहा कि प्रधानमंत्री 140 करोड़ देशवासियों का विकास करने की बात कहते हैं, लेकिन साथ-साथ वे यह डर भी दिखाते हैं कि कांग्रेस हिंदुओं की संपत्ति छीनकर मुसलमानों को दे देगी। उन्हें लगता है कि यह एक चुनावी जुमला है। वे यह मानते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने भी मुसलमानों की भलाई के लिए बेहतर काम किया है। उन्होंने कहा कि मुसलमानों के साथ-साथ पूरे देश की सबसे बड़ी समस्या महंगाई और बेरोजगारी है। उन्होंने मुसलमानों को अपने वास्तविक मुद्दों पर मतदान करने की बात कही।
बुर्के से भेदभाव नहीं, लेकिन फर्जी मतदान रोकने के लिए हों उपाय
सोशल वर्कर सायरा सिद्दीकी ने कहा कि मुसलमानों को भी देश की सुरक्षा और विकास के मुद्दे पर वोट करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बुर्के पर सवाल उठाकर भाजपा ने सही नहीं किया है। बुर्के वाली महिलाएं जहाज चलाने से लेकर देश चलाने तक का काम कर रही हैं। ऐसे में कपड़ों पर प्रश्न नहीं होना चाहिए, लेकिन फर्जी मतदान रोकने के लिए ठोस उपाय किये जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्हें लगता है कि राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल भी देश के लिए बेहतर काम कर रहे हैं।