प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक के कलबुर्गी में योजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण के बाद आयोजित रैली में राज्य की कांग्रेस और जेडीएस सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि 56 इंच का नाम सुनते ही कांग्रेस की नींद उड़ जाती है। कर्नाटक की जनता की पीठ में छुरा भोंक कर कांग्रेस सत्ता में पहुंची है और यहां के सीएम रिमोट से चलते हैं।
उन्होंने कहा कि कर्जमाफी के नाम पर कर्नाटक सरकार ने वोट मांगे थे। उन्होंने कहा था कि किसानों का कर्ज माफ करेंगे। लेकिन उन्होंने जनता को मूर्ख बनाया। किसानों पर उल्टे केस कर दिए। पुलिसवालों को भेजा। यही उनका तरीका है। ऐसे खिलाड़ियों का हिसाब बराबर करने का मौका आ गया है। यह किसानों तक लाभ पहुंचाने में अड़ंगे डाल रहे हैं। वे यह इसलिए नहीं कर रहे क्योंकि इसमें बिचौलियों का लाभ नहीं है।
उन्होंने मंच पर अपना भाषण शुरू करने से पहले कहा कि कर्नाटक में विकास की गति को विस्तार देते हुए आज लगभग एक हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करके मैं आपके पास आया हूं।
बुधवार को कर्नाटक के कलबुर्गी पहुंचे प्रधानमंत्री ने राज्य की जनता को लाभ पहुंचाने के लिए ऊर्जा, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे विभिन्न क्षेत्रों की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। उन्होंने यहां ईएसआईसी हॉस्पिटल एंड मेडिकल कॉलेज, बेंगलुरु भी लोगों की सेवा में समर्पित किया। इसके अलावे उन्होंने हुबली में एक अस्पताल के सुपर स्पेशिएलिटी ब्लॉक भी समर्पित किया। साथ ही बीपीसीएल डिपो के रायचूर से कलबुर्गी तक योजना का शिलान्यास किया।