लोकतंत्र के सबसे बड़े रण लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में नौ राज्यों की 71 सीटों पर मतदान है। इसमें उत्तर प्रदेश की 13 सीटें शाहजहांपुर, खीरी, हरदोई, मिश्रिख, उन्नाव, फर्रुखाबाद, इटावा, कन्नौज, कानपुर, अकबरपुर, जालौन, झांसी और हमीरपुर शामिल हैं। तीसरे चरण की तरह इस चरण में भी भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए की प्रतिष्ठा दांव पर है। एनडीए ने 2014 के चुनाव में इन 71 सीटों में से 56 पर जीत हासिल की थी जिनमें से 45 भाजपा के पास थीं।
चौथे चरण में राजस्थान (13), पश्चिम बंगाल (8), ओडिशा (6), झारखंड (3), मध्य प्रदेश (6), महाराष्ट्र (17) और बिहार (5) की सीटों पर मतदान होगा। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर की अनंतनाग सीट पर भी वोटिंग होगी, इस पर 23 अप्रैल को भी वोट डाले गए थे। तीन चरणों में लोकसभा की 302 सीटों पर मतदान हो चुका है। अगले तीन चरणों में 168 सीटों पर वोट डाले जाएंगे।
इन दिग्गजों की किस्मत दांव पर
डिंपल यादव, सलमान खुर्शीद, साक्षी महाराज, बैजयंत पांडा, कन्हैया कुमार, गिरिराज सिंह, उपेंद्र कुशवाहा, बाबुल सुप्रियो, मुनमुन सेन, राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, गजेंद्र सिंह शेखावत, मानवेंद्र सिंह, दुष्यंत सिंह, पूनम महाजन, प्रिया दत्त, उर्मिला मातोंडकर, नकुल नाथ, वैभव गहलोत, शताब्दी रॉय, मिलिंद देवड़ा