भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने रोडशो के बाद गांधीनगर से नामांकन भर दिया है। नामांकन के समय उनके साथ वित्त मंत्री अरुण जेटली, गृहमंत्री राजनाथ सिंह, गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी और शिव सेना प्रमुख उद्धव ठाकरे मौजूद रहे। अमित शाह, पहली बार लोकसभा का चुनाव लड़ रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि देश के इतिहास में पहली बार गैर कांग्रेसी पार्टी को स्पष्ट बहुमत हासिल हुआ था। पूरी दुनिया इस सच्चाई को स्वीकार करती है कि देश का नेतृत्व मजबूत हाथों में है। विरोधी पार्टी के नेता ऐसे प्रधानमंत्री के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल करते हैं। देश की जनता को चाहिए कि लोकतांत्रिक तरीके से सख्त से सख्त सजा दी जानी चाहिए। देशवासियों! डंके की चोट पर बोलिए- चौकीदार चोर नहीं है, बल्कि प्योर है, सारी समस्याओं का वही क्योर है, दुबारा पीएम बनना श्योर है।
उन्होंने कहा कि अमित शाह ने करिश्माई काम किया है। साढ़े पांच साल तक मैंने भी संगठन चलाया है, जो काम मैं न कर सका, वह अमित भाई शाह ने कर दिखाया है। कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि भूल गए 1971, जब भारतीय सेना ने पाकिस्तान को धूल चटाई थी और पाकिस्तान के दो टुकड़े कर दिए थे, तब हमारे नेता अटल बिहारी वाजपेयी ने इंदिरा गांधी की सराहना की थी। आज, जब देश की सेना ने पुलवामा हमले का जवाब दिया, आतंकियों पर कार्रवाई की, तो आप सेना के शौर्य पर सवाल उठाते हैं!
लोजपा सुप्रीमो रामविलास पासवान ने कहा कि पूर्व अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने भाजपा को जो मजबूती प्रदान की थी, अमित शाह के नेतृत्व में पार्टी और ज्यादा मजबूत हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह के नेतृत्व में एनडीए देश भर में मजबूती के साथ खड़ी है। कांग्रेस मुक्त भारत की बात पर पहले संदेह किया जाता था, लेकिन आज देख लीजिए देश भर में कांग्रेस कहीं खड़ी नहीं दिख रही है। महागठबंधन लठबंधन में तब्दील है और उनके नेता आपस में ही लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैंने तीन साल पहले ही सर्वदलीय बैठक में कह दिया था कि 2019 में प्रधानमंत्री पद की कोई वैकेंसी नहीं है, 2024 के लिए सोचिएगा।
Ahmedabad: BJP President Amit Shah pays tribute to Sardar Vallabhbhai Patel, he will file his nomination for Gandhinagar parliamentary constituency today. #Gujarat pic.twitter.com/HL1a0fupMx