छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में नक्सली हमले में मारे गए भाजपा विधायक भीमा मंडावी मामले में अमित शाह का बड़ा बयान आया है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने भीमा मंडावी केस की सीबीआई जांच कराने की मांग की है। उन्होंने सूबे के मुख्यमंत्री से कहा कि अगर इस मामले में छिपाने के लिए कुछ नहीं है तो सीबीआई जांच के आदेश दिए जाए। गौरतलब है कि भाजपा लोकसभा चुनाव में भीमा मंडावी मौत मामले को जोर-शोर से उठा रही है। इससे छत्तीसगढ़ की राजनीति गरमा गई है।
अमित शाह ने भीमा मंडावी मौत मामले को बताया राजनीतिक साजिश
अमित शाह ने छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव की चुनावी रैली में भाजपा विधायक भीमा मंडावी मौत मामले की सीबीआई जांच की मांग की। उन्होंने भीमा मंडावी मौत मामले में राजनीतिक साजिश की बू आने की बात कही। शाह ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से भीमा मंडावी मौत मामले में सीबीआई जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा, मैं सूबे के मुख्यमंत्री से कहना चाहता हूं कि अगर इस मामले में छिपाने के लिए कुछ नहीं है तो भीमा मंडावी मौत मामले की सीबीआई जांच के आदेश दिए जाए।
गौरतलब है कि भारतीय जनता पार्टी के विधायक भीमा मंडावी की 9 अप्रैल को दंतेवाड़ा में हुए नक्सली हमले में मौत हो गई थी। उनके साथ ही उनके चार सुरक्षाकर्मियों की भी मौत हुई थी। भाजपा शुरुआत से ही इस मामले को राजनीतिक षडयंत्र मानकर जांच की मांग कर रही है।