उत्तर पश्चिम दिल्ली से दोबारा टिकट न मिलने पर नाराज हुए उदित राज ने भाजपा पर हल्ला बोला है। वो अब कांग्रेस का हिस्सा हैं और अपनी पुरानी पार्टी पर वार करने का मौका नहीं छोड़ते। 2014 में इसी सीट से उदित राज ने भाजपा के टिकट पर चुनाव जीता था। एग्जिट पोल के नतीजों को लेकर उदित राज ने ट्वीट किया:
केरल में भाजपा आज तक 1 भी सीट नही जीत पाई, जानते हैं क्यों ? क्योंकि वहां के लोग शिक्षित हैं, अंधभक्त नहीं।
ख़ास आपके लिए:- लोकसभा चुनाव नतीजे: आपके शहर में कौन आगे, कौन पीछे...पल-पल का हाल सीधे आपके मोबाइल पर
रविवार रात आए एग्जिट पोल में यूं तो एनडीए को भारी बहुमत से जीतता दिखाया गया है लेकिन केरल में पार्टी को सीट नहीं मिल रहीं, ऐसा नजर आ रहा है। केरल की साक्षरता दर भी राष्ट्रीय औसत के मुकाबले काफी ऊंची है। भाजपा को लेकर उदित राज का तंज इसी ओर है।
उत्तर पश्चिम दिल्ली से भाजपा ने गायक हंस राज हंस को उम्मीदवार बनाया। हालांकि, इससे पहले ही उदित राज ने बगावती तेवर दिखाते हुए पार्टी को काफी भला बुरा कहा था। उन्होंने उस वक्त लिखा था कि मेरे टिकट में देरी होने पर पूरे देश में मेरे दलित समर्थकों में रोष है और जब मेरी बात पार्टी नहीं सुन रही तो आम दलित कैसे इंसाफ पायेगा। अगर मुझे लोकसभा चुनाव में उम्मीदवार के रूप में नहीं उतारा गया तो पार्टी से इस्तीफा दे दूंगा।