नरेंद्र मोदी-राहुल गांधी (फाइल फोटो)
- फोटो : Twitter
जैसे-जैसे चुनाव का हर एक चरण आगे बढ़ रहा है, प्रचार भी चरम पर जाता दिख रहा है। दिग्गज नेताओं ने एक दूसरे पर वार की धार और तेज कर दी है। रोज नए नारे गढ़े जा रहे हैं और नारों का जवाब नए नारे के साथ दिया जा रहा है। हर जनसभा में इन्हीं नारों का शोर है। लोकसभा चुनाव 2019 को नारों का चुनाव कहें तो गलत नहीं होगा। नारों की जबर्दस्त जंग पीएम नरेंद्र मोदी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के बीच दिख रही है। राहुल गांधी के नारों के जवाब में पीएम मोदी ने आज नया नारा दिया। उन्होंने अपनी जनसभा में नए ढंग से चौकीदार वाला नारा लगवाया।
मध्य प्रदेश के सीधी में हुई रैली में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा चुनावी सभाओं में लगाए जा रहे नारे 'चौकीदार चोर है’ का जवाब मोदी ने अपने ही अंदाज में दिया। शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी चुनावी सभाओं में नए तरीके से चौकीदार वाला नारा लगावाया।
सीधी की चुनावी सभा के अंत में मोदी ने कहा, ‘गांव-गांव है’, जनता ने आवाज दी 'चौकीदार है'। फिर मोदी ने कहा, 'शहर-शहर है' तो जनता ने आवाज लगाई 'चौकीदार है।' इसी प्रकार प्रधानमंत्री मोदी कहते गए, ‘बच्चा-बच्चा है, डॉक्टर- इंजीनियर है, शिक्षक है, माताएं-बहनें हैं। सीमा पर भी हैं। खेत-खलिहान में है। लेखक-पत्रकार हैं। वकील-व्यापारी हैं। छात्र-छात्राएं हैं। पूरा हिन्दुस्तान है। मोदी के पहली लाइन कहने के बाद इन सभी के अंत में जनता ने आवाज लगाई 'चौकीदार है।'
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी राफेल विमान खरीद मामले में प्रधानमंत्री पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते रहे हैं। वह अपनी चुनावी सभाओं में चौकीदार चोर है का नारा भी लगवाते रहे हैं। आज राहुल गांधी ने पीएम मोदी को लेकर एक नया नारा दिया, 'कुछ नहीं सब झूठा है, नरेंद्र मोदी ने लूटा है'।