टीएमसी के बाद टीडीपी ने भी प्रधानमंत्री मोदी की केदारनाथ और बदरीनाथ की यात्रा पर सवाल उठाया है। टीडीपी ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर कहा है कि पीएम बदरीनाथ और केदारनाथ की सरकारी यात्रा पर गए थे। उन्होंने जो भी निजी कार्य किए उन्हें लगातार टेलीकास्ट किया गया है, जो पूरी तरह से चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन है।
इससे पहले पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की केदारनाथ यात्रा पर आपत्ति जता चुकी है। टीएमसी ने आयोग को चिट्ठी लिखी है कि अंतिम चरण का चुनाव प्रचार खत्म हो चुका है। बावजूद इसके पिछले दो दिन से पीएम मोदी केदारनाथ की यात्रा पर हैं और मीडिया में इसे बड़ी कवरेज मिल रही है। यह आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है।
मालूम हो कि पीएम मोदी शनिवार को केदारनाथ की यात्रा पर गए थे और आज बद्रीनाथ के मंदिर में पूजा की है। प्रधानमंत्री के इस दौरे को लगातार न्यूज चैनलों पर कवरेज मिल रही है। कई चैनलों ने इसे लाइव भी दिखाया था। इसे लेकर विपक्षी दल अब चुनाव आयोग से शिकायत कर रहे हैं। हालांकि चुनाव आयोग ने पीएम मोदी की यात्रा पर कहा था कि ध्यान रहे कि अभी आचार संहिता समाप्त नहीं हुई है।