चुनावी भाषणों में राजीव गांधी और बोफोर्स मुद्दे का जिक्र करने पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी को निशाने पर लिया है। एक रैली में मोदी के प्रधानमंत्री राजीव गांधी को नंबर एक भ्रष्टाचारी बताए जाने पर आज राहुल ने पलटवार किया। राहुल ने कहा- मोदी जी देश के पीएम हैं, मगर एक शहीद व्यक्ति का अपमान करते हैं। आपके दिल में जितना भी क्रोध हो आप मुझे, मेरे पिता, माता, दादा, दादी के बारे में जो कहना चाहते हो कहो, आप मेरी तरफ जितनी भी नफरत फेंकोगे, मेरे दिल से सिर्फ प्यार वापस आएगा।
क्या कहा था मोदी ने?
शनिवार की रैली में प्रधानमंत्री ने राहुल पर निशाना साधते हुए कहा था,
'राहुल गांधी का एक ही लक्ष्य है वह है मेरी छवि खराब करना। आपके पिता को मिस्टर क्लीन कहा जाता है लेकिन उनका जीवन नंबर वन भ्रष्ट नेता के तौर पर खत्म हुआ।'
वहीं, आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड में एक रैली में कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों को चुनौती दी कि अगर उनमें दम है तो शेष बचे दो चरण के चुनाव अपने पूर्व प्रधानमंत्री के मान-सम्मान और बोफोर्स के मुद्दे पर लड़ ले, इससे पता चल जाएगा कि किसके बाजुओं में कितना दम है। झारखंड में सिंहभूम और जमशेदपुर लोकसभा सीटों के लिए एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा- कांग्रेस को चुनौती देता हूं, नामदार परिवार के रागदरबारियों और चेले चपाटों को चुनौती देता हूं कि आज का चरण तो पूरा हो गया है लेकिन अभी दो चरणों का चुनाव शेष है। आपके पूर्व प्रधानमंत्री जिनके लिए आप मोटे-मोटे आंसू बहा रहे हैं, उनके मान-सम्मान पर ही अन्तिम दो चरणों का चुनाव लड़ लें।