गुजरात के तापी में चुनावी रैली को संबोधित करने पहुंचे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा कि मोदी ने देश की जनता से कहा था कि मुझे प्रधानमंत्री मत बनाओ, मैं चौकीदार बनना चाहता हूं। अब कमाल देखिए पूरे देश में एक ही नारा गूंज रहा है कि चौकीदार चोर है।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि उनकी पार्टी की ‘न्यूनतम आय योजना’ (न्याय) अर्थव्यवस्था में नई जान डालने में मदद करेगी और देश में रोजगार के अवसर पैदा करेगी, जो नोटबंदी और जीएसटी की मार झेल रही है। न्याय के तहत लोगों के पास जाने वाला पैसा गरीबों को चीजें खरीदने में मदद करेगा, जिससे कंपनियां फिर से चालू हो जाएंगी और लोगों को नौकरियां मिलेंगी।
उन्होंने कहा कि गुजरात की जनता ने मोदी जी को राज्य की सभी 26 लोकसभा सीटें दीं, लेकिन मोदी जी ने गुजरात की जनता को ठगा है। मोदी जी ने गुजरात की जनता से किरोसिन की सब्सिडी छीनकर आपके साथ धोखा किया है। यहां के किसानों की फसलों का सही दाम तक नहीं दे पा रही है मोदी जी की सरकार। राहुल गांधी ने कहा कि इस बार कांग्रेस की सरकार बनी तो देश में दो बजट बनेगा, एक बजट राष्ट्रीय बजट होगा, जबकि दूसरा बजट किसानों के लिए होगा जिसमें किसानों की जरुरतों के हिसाब से योजनाएं बनाई जाएंगी।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार बनने के बाद कांग्रेस उस कानून को बदल देगी जिसमें किसानों को कर्ज नहीं चुकाने कारण जेल जाना पड़ता है। अब किसान अगर बैंक का कर्ज नहीं चुका पाएंगे तो उन्हें जेल में नहीं डाला जाएगा। राहुल गांधी ने कहा कि जैसे ही हमारी सरकार आएगी हम 20 प्रतिशत गरीबों के खाते में न्याय योजना के तहत साल में 72 हजार रुपये डालेंगे, जो देश में गरीबों की आर्थिक हालत को बदलकर रख देगा। राहुल गांधी ने राफेल मामले पर प्रधानमंत्री मोदी को घेरते हुए कहा कि मोदी जी ने तीस हजार करोड़ रुपये चोरी करके अनिल अंबानी के जेब में डाला है।