गाजीपुर में मोदी ने किया अलवर गैंगरेप का जिक्र
- फोटो : Social Media
राजस्थान के अलवर में हुए दिल दहला देने वाले गैंगरेप की गूंज, गाजीपुर में पीएम मोदी के भाषण में भी सुनाई दी। पीएम ने वारदात का जिक्र करते हुए कहा,
बीते दो-तीन दिन से राजस्थान के अलवर की एक खबर आप पढ़ रहे होंगे। वहां एक दलित बेटी के साथ दो हफ्ते पहले कुछ दरिंदों ने बलात्कार किया। लेकिन उन दरिंदों को पकड़ने के बजाय, वहां की पुलिस, वहां की कांग्रेस सरकार इस केस को ही छिपाने-दबाने में जुट गई। राजस्थान में भी चुनाव थे इसलिए वहां की कांग्रेस सरकार, उस बिटिया को न्याय दिलाने के बजाय चुनाव बीतने का इंतजार करती रही। यही कांग्रेस के न्याय की सच्चाई है।
राजस्थान में दो चरणों में 29 अप्रैल और 6 मई को चुनाव थे। ये घटना 25 अप्रैल की है। पुलिस करीब 12 दिनों बाद
इस मामले में पहले आरोपी को पकड़ पाई थी।
पीएम ने आरोपियों को पकड़ने में हुई देरी का जिक्र करते हुए कहा, "इनके रागदरबारी भी इतने भयंकर कांड को दबाते रहे और मोमबत्तियां लेकर निकलने वाले लोगों की मोमबत्तियों से धुआं निकल रहा है। ये जो अवॉर्ड वापसी गैंग थी, मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि अलवर की बेटी के साथ बलात्कार होने पर भी आपकी गैंग चुप क्यों बैठी है। हमारी सरकार ने बलात्कार जैसे जघन्य अपराध के लिए फांसी तक की सजा का प्रावधान किया है। महिला हितों और महिलाओं की सुरक्षा के प्रति हम पूरी तरह संवेदनशील हैं।"