वाराणसी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नामांकन के लिए प्रस्तावकों में डोमराजा के बेटे और एक चौकीदार भी शामिल रहे। पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार प्रस्तावकों में संघ के एक पुराने कार्यकर्ता और एक महिला प्रिंसिपल भी शामिल थीं। पिछली बार के किसी प्रस्तावक का नाम इस बार की सूची में दोहराया नहीं गया है।
इस बार पीएम नरेंद्र मोदी के प्रस्तावकों में मणिकर्णिका घाट के रहने वाले डोमराजा के बेटे जगदीश चौधरी, पंडित मदन मोहन मालवीय की मुंहबोली बेटी अन्नपूर्णा शुक्ला, कृषि वैज्ञानिक राम शंकर पटेल और संघ कार्यकर्ता सुभाष गुप्ता शामिल थे। इस दौरान एनडीए के सात सहयोगी दलों के प्रमुख नेता भी मौजूद रहे।
मालूम हो कि इस बार प्रस्तावकों के लिए भाजपा की स्थानीय इकाई ने आयोग को नौ नाम भेजा था, जिसमें से चार नामों पर मुहर लगाई गई है। पिछली बार वाराणसी से नरेंद्र मोदी के नामांकन के दौरान गायक पंडित छन्नूलाल मिश्रा, रिटायरर्ड जज गिरिधर मालवीय, गंगा सेवक वीरभद्र निषाद और बुनकर अशोक कुमार बतौर प्रस्तावक शामिल थे।
गौरतलब है कि शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी के नामांकन को एनडीए ने एक तरह से शक्ति प्रदर्शन का रूप दिया। इसे यादगार बनाने के लिए भाजपा ने अपने घटक दलों को भी आमंत्रित किया। इस दौरान भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और केंद्रीय मंत्रियों के अलावा जदयू प्रमुख नीतीश कुमार, शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे, शिरोमणि अकाली दल के प्रकाश सिंह बादल, लोजपा प्रमुख रामविलास पासवान समेत एनडीए के कई दिग्गज मौजूद रहें।