वाराणसी में गुरुवार को मेगा रोड शो के बाद शुक्रवार को नामांकन से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बूथ कार्यकर्ताओं में जोश भरा। उन्होंने कहा कि देश भर के कार्यकर्ताओं की मेहनत है कि आज कश्मीर से कन्याकुमारी तक काशी घाट से पोरबंदर तक उत्साह का माहौल है। देश में लोग कह रहे हैं- फिर एक बार मोदी सरकार।
पीएम मोदी के संबोधन की 10 बड़ी बातें
- मैं भी एक बूथ कार्यकर्ता था।आज इस मंच के माध्यम से मैं आपको और देश के सभी नागरिकों को सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करता हूं। मुझे भी दीवारों पर पोस्टर लगाने का सौभाग्य मिला है।
- मेरे भीतर के कार्यकर्ता को मैंने कभी मरने नहीं दिया। प्रधानमंत्री के रूप में मैं जो जिम्मेदारी निभा रहा हूं उसमें भी और एक सांसद के रूप में भी अपनी जिम्मेदारी के प्रति उतना ही सजग हूं।
- इस चुनाव के दो पहलू हैं। एक है काशी लोकसभा जीतना। मेरे हिसाब से ये काम कल पूरा हो गया है। एक काम अभी बाकी है वो है पोलिंग बूथ जीतना और एक भी पोलिंग बूथ भाजपा का झंडा झुकने नहीं देना।
- काशी जीतने का काम कल ही पूरा हो गया। मैं जीतूंगा, हारूंगा, इसकी चिंता नहीं। मोदी का जो होगा, वह गंगा मैया देख लेगी। लेकिन मेरे पोलिंग बूथ के एक भी कार्यकर्ता की हार नहीं होगी। आपके लिए एक ही मंत्र- मेरा बूथ सबसे मजबूत।
- मुझे हर पोलिंग बूथ जीतना है। जैसे श्रीकृष्ण ने जैसे गोवर्धन उठाया था, आपके प्रयत्न से हमें 21वीं सदी में भारत मां को नई ऊंचाइयों पर ले जाना है।
- पहली बार वोट डालने वालों को इकट्ठा करें। वह किसी भी पार्टी का हो, कोई भी बिल्ला लगाकर जा रहा हो। उनके मुंह में गुड़ का एक टुकड़ा डालो। वे वोट किसी को भी दें, उनका मुंह मीठा कराओ। उनका सम्मान करो, एहसास दिलाओ उन्हें कि वो देश का भविष्य तय करने जा रहे हैं।
- महिलाएं बढ़ चढ़ कर वोट करें। गुजरात में था तो चाहता था कि 100 पुरुष के मुकाबले 105 महिलाएं वोट करें। यहां भी ऐसा रिकॉर्ड बनाएं। हमें तय करना चाहिए कि अगर हमारे पोलिंग बूथ में 100 वोट पड़ते हैं तो 105 माताओं-बहनों के पड़ें।
- कल सोशल मीडिया पर लोगों ने मुझे बहुत डांटा कि रोड शो बंद कर दीजिए, अपनी सुरक्षा का ध्यान रखिए। लेकिन मोदी का कोई ध्यान रखता है तो इस देश की करोड़ों माताएं। वे शक्ति बनकर मेरी सुरक्षाकवच बनती हैं।
- चुनाव में एक-एक वोट बहुत महत्वपूर्ण होता है। भाजपा के कार्यकर्ता के नाते बनारस वालों की कठिनाई बहुत है। क्योंकि और जगह तो सबका उम्मीदवार साथ चलकर प्रचार करता है, लेकिन आप इतने कमनसीब हैं कि आपका उम्मीदवार तो पर्चा भरकर ही यहां से चला जायेगा।
- मैं इतना खुशनसीब हूं कि मैं देश के किसी भी कोने में रहूं। मेरे एक-एक कार्यकर्ता मेरे साथ होते हैं।
लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण 19 मई को वराणसी लोकसभा सीट पर मतदान होगा ।