भाजपा के स्टार प्रचारक और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक अंदाज विपक्षी दलों के नेताओं को खूब लुभा रहा है। तकरीबन हर छोटी-बड़ी पार्टी के नेता मोदी के उस स्टाइल को फॉलो करने लगे हैं। यह अंदाज है पीएम मोदी के बोलने का। रैली या जनसभा के दौरान मोदी सवाल-जवाब के लहजे में लोगों से बात करते हैं। वे अपनी बात पर लोगों की राय हां या ना में लेते हैं। जैसे, आप सहमत हो कि नहीं, उन्होंने ऐसा किया कि नहीं, आपको मिला या नहीं, आप मानते हो कि नहीं, मोदी का यह अंदाज लोगों को खूब पसंद आ रहा है।
अब विपक्षी दलों के नेताओं को भी मोदी स्टाइल प्रभावित करने लगा है। भाजपा के सहयोगी दलों के अलावा कांग्रेस, सपा, आप, आरजेडी, टीएमसी और बसपा आदि पार्टियों के नेता अब उसी लहजे में वोटरों से बात करते हैं। बता दें कि मोदी अपनी सभी रैलियों में लोगों के साथ सीधा संवाद करते हैं। जैसे ही उनका भाषण 10 मिनट से आगे जाने लगता है तो वे लोगों से सवाल-जवाब के लहजे में बातचीत करना शुरू कर देते हैं। अगर उन्हें किसी योजना पर लोगों की राय जाननी है तो वे पूछते हैं, आपको इसका फायदा मिला कि नहीं।
इससे पहले की सरकारों ने आपको लूटा कि नहीं, आप खुश हो कि नहीं, विदेश भागने वाले लोग वापस आ रहे हैं कि नहीं, आदि सवालों का जवाब हां या ना में मांगते हैं। इससे वे सीधे वोटरों से कनेक्ट हो जाते हैं। अब मोदी की तरह राहुल गांधी भी वोटरों से संवाद करते हैं। वे भी अपनी रैलियों में पूछते हैं, चौकीदार चोर है कि नहीं, इतना पैसा किसी को दिया कि नहीं, आपके खाते में पैसे आए कि नहीं, आगे आपको वह काम करना है कि नहीं, आदि।
उसी राह पर अखिलेश यादव भी चल पड़े हैं। वे भी लोगों से मोदी के लहजे में बातचीत कर रहे हैं। यूपी में मायावती के साथ उन्होंने अपनी जितनी भी रैलियां की हैं, उनमें वे लोगों से पूछते हैं कि आप बताओ, वो लाभ मिल रहा है या नहीं, फलां काम आप करोगे या नहीं। तेजस्वी यादव का भी यही स्टाइल देखने को मिल रहा है। वे लोगों से कहते हैं कि 15 लाख रुपये आए कि नहीं, नौकरी मिली कि नहीं, पहले ठीक था या अब ठीक है, आदि। टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी अपनी जनसभाओं में इसी तरह लोगों से बात करती हैं।
भाजपा के अधिकांश नेता मोदी स्टाइल अपना चुके हैं...
विपक्षी दलों से पहले भाजपा के अधिकांश नेता मोदी का स्टाइल अपना चुके हैं। सबसे पहले पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने मोदी के स्टाइल को फॉलो किया है। अब वे अपनी रैलियों में मोदी की तरह लोगों से सवाल पूछते हैं या और जवाब के दौरान हाथ भी ऊपर उठवाते हैं। राजनाथ सिंह, रविशंकर प्रसाद, पीयूष गोयल, मनोहर लाल खट्टर, शिवराज चौहान और दूसरे नेताओं ने भी मोदी स्टाइल अपना लिया है।