लोकसभा चुनाव के ठीक पहले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान एक बयान में कहा था कि अगर नरेंद्र मोदी दोबारा प्रधानमंत्री बनते हैं तो यह भारत-पाकिस्तान के संबंध के लिए अच्छा होगा। इसके बाद से ही सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इमरान खान की एक तस्वीर दिखने लगी, जिसमें दोनों एक साथ एक डायनिंग टेबल पर बैठे हुए हैं।
तस्वीर में नरेंद्र मोदी इमरान खान के बगल में हरी टोपी पहने बैठे हुए दिख रहे हैं। तस्वीर देखकर लग रहा है कि दोनों साथ में खाना खा रहे हैं।
फेेसबुक पर अखिलेश मायावती फैन्स क्लब नाम के एक पेज से यह तस्वीर अपलोड करते हुए लिखा गया है-
अरे इमरान भाई, मेरी फिल्म अपने यहां चलवाओ ना मेरे यहां तो रोक लग गई है। इमरान भाई पाकिस्तान की बिरयानी बड़ी टेस्टी है। इसे सोशल मीडिया पर ऐसे ही कई तरह के मैसेज के साथ शेयर किया जा रहा है।
क्या कहती है अमर उजाला की पड़ताल?
इस तस्वीर को लेकर अमर उजाला की पड़ताल में पता चला कि ये जैसी दिख रही है सच में वैसा नहीं है। बल्कि इमरान खान की एक पुरानी तस्वीर को काट-छांट कर उनके बगल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बैठाया गया है।
असल में इस तस्वीर में इमरान खान के साथ बगल वाली कुर्सी पर उनकी पूर्व पत्नी रेहम खान बैठी हुई हैं। फोटोशॉप की मदद से रेहम खान को हटा कर यहां प्रधानमंत्री मोदी की फोटो लगा दी गई है।
अमर उजाला की पड़ताल में यह वायरल खबर गलत निकली।
आपके लिए
अगर आपको भी सोशल मीडिया में वायरल हो रही किसी खबर पर संदेह है, तो कमेंट बॉक्स में लिखें। अमर उजाला खबर की पड़ताल करेगा और सच्चाई आपके सामने होगी।