बॉलीवुड अभिनेता और भाजपा के टिकट पर गुरदासपुर से चुनाव लड़ रहे सनी देओल को आचार संहिता उल्लंघन मामले में चुनाव आयोग ने नोटिस जारी किया है। सनी पर आरोप है कि उन्होंने चुनाव प्रचार की समयसीमा खत्म होने के बाद भी सभा की। इस दौरान लाउडस्पीकर का भी इस्तेमाल किया गया है। जिसके बाद उन्हें चुनाव आयोग ने नोटिस थमाया है।
चुनाव आयोग ने क्या कहा?
शिकायत मिलने पर चुनाव आयोग ने सनी को नोटिस जारी किया है। आयोग का कहना है कि जनसभा में एक लाउड स्पीकर का इस्तेमाल किया गया जहां करीब 200 लोग मौजूद थे। सनी देओल ने माइक से लोगों को संबोधित किया। नोटिस में सनी देओल से आयोग ने जवाब मांगा है। अधिकारियों ने बताया कि प्रचार बंद होने के दौरान जनसभा करके सनी ने आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया है। मतदान प्रक्रिया के 48 घंटे पहले चुनाव प्रचार अभियान पूरी तरह प्रतिबंधित है।
किससे है मुकाबला?
बता दें कि रविवार को सातवें चरण का मतदान होना है। मतदान देशभर में 59 सीटों पर होने वाला है। वहीं पंजाब में सभी 13 लोकसभा सीटों पर मतदान रविवार को होगा। गुरदासपुर लोकसभा सीट से सनी देओल के खिलाफ कांग्रेस के सुनील जाखड़ मैदान में हैं।