प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 'नीच आदमी' बताकर विवादों में आए कांग्रेसी नेता मणिशंकर अय्यर ने अब एक पत्रकार के साथ बदसलूकी को लेकर चर्चा में हैं। मणिशंकर अय्यर पीएम मोदी को लेकर सवाल पूछ रहे एक पत्रकार पर आगबबूला हो गए और उसे अपशब्द कह डाला। दरअसल, एक निजी चैनल का पत्रकार मणिशंकर अय्यर से 23 मई को आने वाले चुनाव नतीजे और उनके हालिया लेख को लेकर सवाल कर रहा था, लेकिन मणिशंकर अय्यर इस पर नाराज हो गए और गुस्से में उनके मुंह से अपशब्द निकल गया।
क्या है पूरा मामला?
पंजाब में एक सरकारी गेस्ट हाउस में टीवी रिपोर्टर मणिशंकर अय्यर से सवाल कर रहा था, लेकिन जैसे ही रिपोर्टर ने मणिशंकर अय्यर से उनके हालिया लेख और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 'नीच' बताने वाले बयान को लेकर सवाल किए, मणिशंकर अय्यर अपना आपा खो बैठे। उन्होंने पत्रकार को अपशब्द कह दिया। मणिशंकर अय्यर ने कहा- एक ही व्यक्ति है भारतवर्ष में नरेंद्र मोदी। उनके तीखे हमले आपने नहीं देखे। उनसे जाकर सवाल कीजिए। वो आपसे बात नहीं करते हैं क्योंकि डरपोक हैं।
इसी दौरान मणिशंकर अय्यर गुस्सा हो गए और रिपोर्टर से कहने लगे- आप कोई और सवाल नहीं कर सकते हैं। रिपोर्टर मणिशंकर अय्यर से माफी मांगता रहा लेकिन वह अपना आपा खो चुके थे। मणिशंकर अय्यर ने पहले रिपोर्टर का माइक्रोफोन दूर किया फिर उससे कहा कि वह उनसे कोई सवाल न करे। मणिशंकर ने रिपोर्टर को चेतावनी भी दी। इसके बाद ट्वीटर पर मणिशंकर अय्यर को ट्रोल किया जा रहा है।
बता दें कि मणिशंकर अय्यर ने एक वेबसाइट में लेख लिखा था कि मैंने पीएम मोदी को 'नीच आदमी' बताकर क्या सही नहीं किया। उन्होंने लिखा था कि इसके लिए मुझे कोई पछतावा नहीं है। लेकिन कांग्रेस ने उनके इस बयान से पल्ला झाड़ लिया था जबकि भारतीय जनता पार्टी ने मणिशंकर अय्यर को आड़े हाथों लिया। पीएम मोदी ने चुनावी रैली में भी अय्यर को निशाने पर लिया।