नाथूराम गोडसे पर मचे सियासी संग्राम के बीच आखिरी चरण का प्रचार खत्म होते ही कांग्रेस ने अपने ट्विटर हैंडल की तस्वीर बदल दी है। कांग्रेस ने प्रोफाइल में महात्मा गांधी की फोटो लगा दी है। गोडसे को देशभक्त बताने के साध्वी प्रज्ञा के बयान के बाद भाजपा-कांग्रेस में सियासी जंग जारी है और इसे भुनाने की पूरी कोशिश हो रही है।
इससे पहले कांग्रेस के ट्विटर प्रोफाइल फोटो में हाथ के पंजे की तस्वीर थी जो कांग्रेस का चुनाव चिन्ह है। ट्विटर पर फोटो बदलने के साथ ही कांग्रेस ने लोगों से उसे वोट देने की अपील भी की है।
सिर्फ फोटो ही नहीं, कांग्रेस ने वीडियो का भी इस्तेमाल किया है। कांग्रेस ने एक वीडियो भी पोस्ट किया है जिसका टाइटल है- Who Killed Gandhi Ji? ( गांधी जी को किसने मारा?) इसमें
महात्मा गांधी के सामने खड़े नाथूराम गोडसे की ब्लैक एंड व्हाइट फोटो लगाई गई है। इसमें नाथूराम के हाथ में पिस्तौल दिखाई दे रही है। इस वीडियो में लोगों से बात की गई है कि वो गाधी जी के बारे में क्या सोचते हैं और नाथूराम के बारे में क्या।
एक और ट्वीट में कांग्रेस ने लिखा है- गांधी जी के हत्यारे को देशभक्त बताने वाली प्रज्ञा ठाकुर महात्मा गांधी के सिद्धान्त "सत्याग्रह" की प्रतीक कभी नहीं हो सकती। लेकिन भाजपा के दोगले चरित्र के लिए यह नई बात नहीं है, क्योंकि #ModiHaiTohGodseHai
पीएम ने की निंदा
बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी ने साध्वी प्रज्ञा के 'देशभक्त गोडसे' वाले बयान की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा, "गांधी जी या गोडसे के बारे में जो बयान दिए गए हैं वो बहुत खराब हैं और समाज के लिए बहुत गलत हैं। ये अलग बात है कि उन्होंने माफी मांग ली है, लेकिन मैं उन्हें मन से कभी माफ नहीं कर पाऊंगा।"