लोकसभा चुनाव 2019 में कलाकारों ने भी अपनी लाइन तय करना शुरू कर दिया है। सोनल मानसिंह, अनूप जलोटा, अनुराधा पौडवाल, बीरेन हजारिका, हिमानी शिवपुरी, परेश रावल और राजा बुंदेला सहित कला-साहित्य के क्षेत्र से जुड़े 602 लोगों ने एक पत्र लिखकर देशवासियों से नरेंद्र मोदी को वोट देने की अपील की है।
देशवासियों को पत्र लिखते हुए इन कलाकारों ने कहा है कि पिछले पांच सालों में इस देश ने ऐसी सरकार देखी है जो लगातार विकास के नाम पर काम करती रही है। इस समय में देश ने आत्मगौरव के साथ सिर उठाकर जीना सीखा है। कलाकारों ने देश के विकास के लिए नरेंद्र मोदी के दोबारा प्रधानमंत्री बनने को समय की जरूरत बताया है। इसके पूर्व भी 900 से अधिक कलाकारों ने एक पत्र लिखकर मोदी को वोट करने की अपील जारी की थी।